मां श्री रेणुका जी से मिलने आज पालकी में आएंगे भगवान श्री परशुराम

पहले दिन सतिंदर सरताज स्टार कलाकार के रूप में जमाएंगे रंग

प्रशाशन ने हाईकोर्ट के आदेशों के तहत तैयार की रूपरेखा

सूरत पुंडीर नाहन


नाहन :मां बेटे के मिलन का प्रतीक अंतरराष्ट्रीय श्रीरेणुका जी मेला आज शुरू होगा। भगवान श्री परशुराम जी अपनी माता श्री रेणुका जी से मिलने चार स्थानों से पालकियों में सवार होकर ददाहू से शोभा यात्रा के साथ श्री रेणुका जी पंहुचेंगे।इस बार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुखु मेले के उदघाटन समारोह में नही आ रहे हैं।उनके स्थान पर उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्नि होत्री भगवान श्री परशुरामजी की पालकियों को कांधा देकर माँ श्री रेणुका जी से मिलन के प्रतीक श्री रेणुका जी मेले का शुभारंभ करेंगे।सांय प्रदर्शनियों का शुभारंभ होगा तथा पूजा अर्चना के बाद विधिवत मेले का शुभारभ होगा।पहली संस्कृतिक संध्या में जाने माने गायक सतिंदर सरताज अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे।गौर हो कि इस बार हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय ने अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले के आयोजन को लेकर सख्त आदेश दिए हैं । प्रशाशन ने भी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के साथ पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए ‘प्लास्टिक और ध्वनि प्रदूषण पर कड़े प्रतिबंध लगाए हैं।

मेले की व्यावसायिक अवधि को इस बार उच्च न्यायालय के आदेश के बाद 20 दिन से घटाकर 9 दिन की गई है। मेला 19 से 24 नवंबर तक चलेगा, जबकि अगले तीन दिन क्लोजिंग प्रक्रिया रहेगी। इस बार छह सांस्कृतिक संध्याओं में पंजाबी सूफी गायक सतिंदर सरताज और पहाड़ी गायक कुलदीप शर्मा मुख्य आकर्षण होंगे।श्री रेणुका जी झील और परशुराम ताल के 100 मीटर दायरे में व्यावसायिक गतिविधियां पूरी तरह बंद रहेंगी।

सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध सुनिश्चित करने के लिए प्रवेश द्वारों पर विशेष टीमें तैनात होंगी। दुकानदारों से प्रमाण पत्र भी लिए जा रहे हैं।मेले के दौरान प्लास्टिक के इस्तेमाल पर रोक रहेगी ।प्रशाशन ने श्रद्धालुओं के लिए 50 हजार पत्तलों की व्यवस्था की है।उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेशों की अनुपालना के लिए विभागों को निर्देश जारी कर दिए हैं। श्रद्धालुओं के लिए परिक्रमा पथ पूरी तरह खुला रहेगा।ध्वनि प्रदूषण रोकने के लिए मंदिर परिसर में प्रस्तावित भागवत कथा निरस्त कर दी गई है।हाई कोर्ट के आदेश के तहत घाट की आरती भी बिना लाउडस्पीकर के होगी।

जू में 12 वर्ष बाद दिखेगा बंगाल टाइगर

श्रीरेनुका जी अभ्यारण्य में बारह वर्ष बाद श्रद्धालु व पर्यटक कों के लिए बंगाल टाइगर आकर्षण का केंद्र रहेगा। श्री रेणुका जी झील में नौका विहार, मेला स्थल पर झूले, भूत बंगला और सेल्फी पॉइंट भी आकर्षण होंगे। महिलाओं के लिए विशेष स्नानघाट बनाया गया है। रस्साकशी और म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिताएं भी होंगी।

100 सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी

मेला स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए 101 अस्थायी और 20 स्थायी शौचालय तैयार किए गए हैं। सफाई में वेस्ट वारियर्स, एनजीओ, एनसीसी और एनएसएस के स्वयंसेवक सहयोग करेंगे। गिरि नदी पर अस्थायी पुल, अतिरिक्त एचआरटीसी बसों, पार्किंग और रोशनी की व्यवस्था की गई है। स्नानघाट के पास रात्रि विश्राम के लिए टेंट लगाए जाएंगे। 600 से अधिक कर्मचारियों और कलाकारों के ठहरने व भोजन का प्रबंध किया गया है। सुरक्षा के लिए पुलिस बल और करीब 100 सीसीटीवी कैमरे तैनात रहेंगे।