रामपुर में भीषण सड़क हादसा, गहरी खाई में गिरी ऑल्टो कार; तीन की मौत, दो घायल

वरिष्ठ संवाददाता, रामपुर बुशहर।

राजधानी शिमला के रामपुर उपमंडल में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। हादसा रामपुर-गौरा सड़क पर संध कैंची के पास पशाडा में हुआ। बताया जा रहा है कि एक ऑल्टो कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 700 से 800 फुट नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय कार में पांच लोग सवार थे। सभी लोग स्थानीय गांव जगोचा के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार पांचों लोग सुंडा से धलोज में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहे थे। सोमवार तड़के जब वे रामपुर-गौरा सड़क से होकर जा रहे थे तो पशाडा के पास कार चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा। इसके बाद कार सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में रामा नंद (60), ओम प्रकाश (41) और हमेन्द्र (37) की जान चली गई। वहीं कार चालक राकेश कुमार (58) और रविन्द्र कुमार (38) घायल हुए हैं। घायलों को हादसे के बाद खाई से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर खनेरी ले जाया गया।


हादसे की सूचना मिलते ही रामपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। खाई काफी गहरी होने के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी परेशानी हुई। पुलिस और बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला। इसके साथ ही तीनों मृतकों के शवों को भी खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया। इसके बाद पुलिस ने हादसे से संबंधित जरूरी कार्रवाई शुरू की।

पुलिस के अनुसार कार ऑल्टो थी। हादसा किस कारण से हुआ, इसकी अभी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। रामपुर थाना प्रभारी रमेश नेगी ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ ही दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। घटना के बाद गांव जगोचा में शोक का माहौल है।