ममदानी ने अमरीकियों को दिया ‘रामायण का ज्ञान’, अमरीका की राजनीति में बढ़ती नफरत को लेकर भी दी चेतावनी

न्यूयॉर्क के मेयर ने अमरीका की मुख्यधारा की राजनीति में बढ़ती नफरत को लेकर भी दी चेतावनी

एजेंसियां — वाशिंगटन

अमरीका के न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान ममदानी ने रामायण और महाभारत के जरिए अमरीका में नफरत फैलाने वालों को पाठ पढ़ाया है। उनके ऑफिस की तरफ से दिवाली पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ममदानी ने अमरीका में भारतीय मूल के हिंदुओं और सिखों के खिलाफ बढ़ती नस्लीय हिंसा की निंदा की है। उन्होंने महाभारत और रामायण के जरिए अमरीकियों को प्रेम का पाठ पढ़ाया है। उन्होंने अमरीका में अलग-अलग धार्मिक समूहों को निशाना बनाकर किए जाने वाले हमलों की निंदा की। इसके अलावा उन्होंने अमरीका की मुख्यधारा की राजनीति में बढ़ती नफरत को लेकर चेतावनी दी। उन्होंने ये चेतावनी उस वक्त दी है, जब सिएटल में आयोजित दिवाली समारोह के दौरान दो कट्टरपंथियों ने गड़बड़ी फैलाने की कोशिश की। इस घटना को हेट क्राइम के तहत जांच की मांग की गई है। न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने अमेरिका में हिंदू और सिख समुदाय के खिलाफ बढ़ती नफरत पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि पिछले एक साल में हिंदू मंदिरों को निशाना बनाया गया और सिख समुदाय के खिलाफ भी नफरत फैलाई गई। यह सब बर्दाश्त नहीं होगा। ममदानी ने कहा कि चाहे वॉशिंगटन हो या दिल्ली, हमें ऐसी राजनीति को खारिज करना चाहिए जो हमारी जिंदगी में अंधेरा लाती है। उन्होंने लोगों से समाज में डर और नफरत फैलाने वाली राजनीति का विरोध करने की अपील की।


दिवाली समारोह में बोलते हुए ममदानी ने कहा कि पहले वह बच्चे के तौर पर दिवाली मनाया करते थे और अब न्यूयॉर्क शहर के मेयर के तौर पर दिवाली मना रहे हैं। उन्होंने इस दौरान वहां मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए ‘अंधेरा फैलाने वाली राजनीति’ को खारिज करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सिर्फ पिछले एक साल में हमने देखा है कि हमारे हिंदू मंदिरों को निशाना बनाया गया है। हमने देखा है कि हमारी संघीय सरकार के शीर्ष स्तर पर बैठे नेताओं ने सिखों को निशाना बनाया है। और हमने देखा है कि जो नफरत कभी समाज के हाशिए पर हुआ करती थी वह अब राज्य-स्तरीय पदों के लिए चलाए जा रहे अभियानों के केंद्र में आ गई है। इस दौरान जोहरान ममदानी ने दिवाली के साथ अपने जुड़ाव के बारे में बताया। ममदानी ने कहा कि रामायण हमें सिखाती है कि हमें कैसा भाई, पत्नी, पति और दोस्त बनना चाहिए। महाभारत हमें दिखाती है कि परिवार असल में कैसे होते हैं जहां सबसे बहादुर नायक और सबसे ज्ञानी देवता भी गलती कर बैठते हैं और जहां व्यक्ति को अपनी वफादारी से ऊपर अपने धर्म (कत्र्तव्य) को रखना पड़ता है।