उत्तराखंड के हरिद्वार में साल भर देश के कोने-कोने से श्रद्धालुओं आते रहते हैं। यहां कई ऐसे प्राचीन मठ और मंदिर हैं जिनकी पौराणिकता अचंभित करती है, इन्हीं पवित्र स्थलों में से एक है आदिशक्ति का चमत्कारी धाम, जो हर की पौड़ी से करीब 900 मीटर की दूरी पर शहर के बीच में है। धार्मिक ग्रंथों में सिद्धपीठ मायादेवी को देश के प्रथम शक्तिपीठ के रूप में बताया गया है। मान्यता है कि देश के दूसरे सभी शक्तिपीठों की उत्पत्ति इसी स्थान के बाद हुई थी। धर्मनगरी की अधिष्ठात्री और रक्षक देवी के जाग्रत दरबार में सच्चे मन से दर्शन करने मात्र से ही भक्तों की सभी मनोकामना पूर्ण हो जाती है।
ऐसे हुए थे 51 हिस्से
अधिष्ठात्री माया देवी मंदिर के पुजारी बताते हैं कि जब मां सती के 51 भाग हुए थे, तो पहला हिस्सा इसी स्थान पर गिरा था। मंदिर स्थान पर माता की नाभि और हृदय स्थापित हुआ, जिस कारण इसे देश का प्रथम शक्तिपीठ कहा जाता है। माता के दूसरे अंग जिन स्थानों पर गिरे, वहां भी शक्तिपीठ स्थापित होते गए। मंदिर के पुजारी के मुताबिक मायादेवी मंदिर के धाम की मान्यता है कि सच्ची श्रद्धा से जो भी श्रद्धालु यहां आते हैं, उनकी मनोकामना पूरी हो जाती है।
सप्तपुरियों में से एक
मंदिर के पुजारी बताते हैं कि जिस प्रकार गर्भ में पल रहे बच्चे को अपनी भूख का पता नहीं होता, लेकिन मां को पता होता है कि बच्चे को क्या देना है। ठीक वैसे ही माता को संसार के पांचों तत्त्वों और हर वस्तु का ज्ञान है। जो भी साधक माया देवी के पवित्र दरबार में सच्चे भाव से प्रार्थना करता है, मां उसकी मनोकामना पूर्ण कर देती हैं। हरिद्वार का प्राचीन नाम माया देवी के नाम पर मायापुरी था, जो सप्तपुरियों में से एक है।