दिव्य हिमाचल ब्यूरो — धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश विधानसभा की कार्यवाही स्थगित होने के बाद विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सदन के सुचारू संचालन और सार्थक संवाद को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि यह सदन हिमाचल अध्यक्ष ने आश्वस्त किया कि आगामी पांच दिनों में भी सभी सदस्यों को संवाद करने और जनहित के मुद्दे उठाने की पूरी अनुमति दी जाएगी। सत्र से पूर्व आयोजित सर्वदलीय बैठक की जानकारी देते हुए श्री पठानिया ने बताया कि बैठक में उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के मुख्य सचेतक सुखराम चौधरी शामिल हुए।
नेता प्रतिपक्ष और संसदीय कार्य मंत्री अपनी-अपनी पार्टी की बैठकों में व्यस्त होने के कारण उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन दोनों दलों के साथ संवाद कर सत्र की छह बैठकों के एजेंडे पर सर्वसम्मति बना ली गई। उन्होंने बताया कि सदन में एक वर्तमान और एक पूर्व विधायक के निधन पर सत्ता पक्ष व विपक्ष के सदस्यों ने अत्यंत शांत स्वभाव से संवेदना व्यक्त की। शोकोद्गार के पश्चात सदन की कार्यवाही को अगले दिन के लिए स्थगित कर दिया गया है और प्रश्नकाल को छोडक़र आज की शेष सूचीबद्ध कार्यसूची कल ली जाएगी। विधानसभा अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि सदन का समस्त कार्य नियमों और प्रक्रियाओं के दायरे में ही संचालित होगा और नियमों से बाहर के किसी विषय पर निर्णय लेने का विशेषाधिकार विधानसभा अध्यक्ष के पास सुरक्षित है।
निर्वाचन आयोग को दी रामपुर सीट की सूचना
रामपुर विधानसभा सीट की स्थिति स्पष्ट करते हुए कुलदीप पठानिया ने बताया कि वर्तमान विधायक के निधन के कारण यह सीट रिक्त हो गई है, जिसके अनुरूप सदन के भीतर बैठने की व्यवस्था में भी बदलाव कर दिया गया है। सीट रिक्त होने की आधिकारिक सूचना भारत निर्वाचन आयोग को दे दी गई है और अब आगे की संवैधानिक कार्रवाई आयोग द्वारा की जानी है। जनप्रतिनिधित्व अधिनियम का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आमतौर पर सरकार के कार्यकाल का एक वर्ष शेष रहने पर उपचुनाव आम चुनावों के साथ कराए जाते हैं, जबकि इस मामले में सदस्य के निधन के समय सरकार के कार्यकाल का लगभग एक वर्ष और एक महीना शेष था।