नजरें मिलाने से बचते हैं प्रधानमंत्री मोदी
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा है कि भारत को लेकर उनकी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच एक-दूसरे से बिलकुल अलग है। उनका कहना है कि जब दोनों नेताओं की मुलाकात होती है, तो पीएम मोदी उनसे नजरें मिलाने से बचते हैं। सोनिया गांधी ने अपनी किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ में प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपने संबंधों और राजनीतिक मतभेदों के बारे में लिखा है। किताब के एक अंश के मुताबिक, सोनिया ने कहा कि दोनों के बीच मतभेद व्यक्तिगत नहीं बल्कि विचारधारा को लेकर हैं। सोनिया गांधी ने लिखा है कि प्रधानमंत्री मोदी से उनका अब तक लगभग कोई सीधा संपर्क नहीं रहा है। औपचारिक मुलाकातों और कभी-कभार होने वाली छोटी बातचीत के अलावा दोनों के बीच ज्यादा बातचीत नहीं हुई है। सोनिया के मुताबिक, दोनों नेताओं की मुलाकात ज्यादातर संसद के औपचारिक कार्यक्रमों में होती है। इनमें संसद का हर सत्र खत्म होने के बाद लोकसभा अध्यक्ष के कक्ष में होने वाली बैठक भी शामिल है। इस बैठक में सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के नेता मौजूद रहते हैं।
उन्होंने लिखा कि यह एक छोटा-सा कमरा है जहां आमतौर पर कई लोग मौजूद होते हैं। जब प्रधानमंत्री मोदी मेरे सामने आते हैं तो हम औपचारिक रूप से एक-दूसरे को नमस्ते करते हैं। पहले अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेता आपस में अच्छे संबंध रखते थे और सहजता से मिलते थे, लेकिन अब वह मुझसे नजरें मिलाने से बचते हैं। सोनिया गांधी ने बताया कि अस्पताल से लौटने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कभी-कभी उनकी तबीयत के बारे में पूछा था। इसके अलावा जन्मदिन और नए साल की शुभकामनाओं के दौरान ही दोनों के बीच बातचीत हुई है।
भारत को लेकर दोनों की सोच अलग
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखा है कि उनके और प्रधानमंत्री मोदी के बीच राजनीतिक मतभेद की वजह भारत को देखने का अलग-अलग नजरिया है। उन्होंने बताया कि उनकी सोच परिवार की सार्वजनिक सेवा की परंपरा और ऐसे भारत के विचार से बनी जहां अलग-अलग समुदायों, संस्कृतियों, भाषाओं और धर्मों के लोगों को साथ रहने की आजादी हो। उनके मुताबिक, आजादी और समानता ऐसे भारत की बुनियाद हैं। सोनिया ने प्रधानमंत्री मोदी की सोच को उनके बचपन और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की विचारधारा से जुड़ा बताया है। उनके अनुसार, मोदी की विचारधारा में अपने धर्म और संस्कृति को दूसरों से ऊपर रखने, व्यवस्था और नियंत्रण को प्राथमिकता देने की सोच दिखाई देती है।
पीएम बनना चाहते थे प्रणब मुखर्जी
सोनिया गांधी ने पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से जुड़े कई दिलचस्प खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया है कि साल 2010 में प्रणब मुखर्जी ने बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री बनने की अपनी पुरानी इच्छा का संकेत दिया था। उन्होंने कहा था कि शायद अब शीर्ष नेतृत्व में बदलाव का समय आ गया है। सोनिया गांधी ने लिखा है कि प्रणब मुखर्जी की यह बात सुनकर वह हैरान रह गई थीं। सोनिया गांधी ने किताब में लिखा है कि यूपीए सरकार के दौरान प्रधानमंत्री और कांग्रेस अध्यक्ष के बीच जिम्मेदारियों का एक अनकहा बंटवारा था, जो सुचारु रूप से काम कर रहा था। मनमोहन सिंह सरकार संभालते थे और वह पार्टी की जिम्मेदारी देखती थीं। दोनों के बीच तालमेल बनाए रखने के लिए एक कोर ग्रुप की हर हफ्ते प्रधानमंत्री के साथ बैठक होती थी। इसमें प्रणब मुखर्जी, अर्जुन सिंह, एके एंटनी और अहमद पटेल भी शामिल थे। इसके अलावा संसद में उठाए जाने वाले मुद्दों पर चर्चा के लिए रणनीतिक समूह की रेग्युलर मीटिंग होती थीं। इन बैठकों के बाद कई बार प्रणब उनसे व्यक्तिगत बातचीत के लिए रुक जाते थे।
इसी दौरान साल 2010 में एक बातचीत ने उन्हें हैरान कर दिया था। बातचीत के दौरान प्रणब ने अपनी नाराजगी जाहिर की और कहा कि शायद अब शीर्ष नेतृत्व में बदलाव का समय आ गया है। सोनिया ने लिखा कि उन्होंने प्रणब की इस टिप्पणी को प्रधानमंत्री बनने की उनकी पुरानी महत्त्वाकांक्षा के संकेत के तौर पर समझा। हालांकि, उन्होंने इस पर कोई सीधा जवाब देने के बजाय सहजता से बातचीत का विषय बदल दिया। बाद में साल 2012 में कांग्रेस ने प्रणब को यूपीए की ओर से राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया और वह देश के राष्ट्रपति चुने गए।