सिरमौर जिला की धौलाकुआं पंचायत के गांव नौरंगाबाद और गढ़ीवाला का मामला
कार्यालय संवाददाता-नाहन
सिरमौर जिला के दो गांवों का बड़ा हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां के नौरंगाबाद गांव की एक दर्जन से ज्यादा महिलाओं का शादी के एक दशक बाद भी विवाह पंजीकरण नहीं हुआ है। यहीं, नहीं दूसरे गांव गढ़ीवाला की कई बेटियां दस वर्ष की उम्र पार कर चुकी है परंतु, उनके आधार कार्ड नहीं बन पाए हैं। सिस्टम और परिजनों की भयंकर लापरवाही का खामियाजा इन महिलाओं को बच्चियों को कब और किस तरह से भुगतना पड़ेगा, शायद अंदाजा नहीं है। जानकारी के अनुसार यह दोनों गांव धौलाकुआं पंचायत के अंतगर्त आते हैं।
यहां महिलाओं, गुज्जर समुदाय के सदस्यों व किशोरियों का आकलन करने पर पाया गया कि आधा दर्जन से अधिक किशोरियों जो कि गढ़ीवाला की हैं के औसतन आयु दस वर्ष की होने के बावजूद आधार कार्ड ही नहीं बने हैं, जबकि नौरंगाबाद में एक दर्जन के करीब महिलाएं ऐसी हैं जिनके विवाह पंचायत रिकार्ड में ही दर्ज नहीं हैं, जबकि यहां पर पांच बच्चों के आधार कार्ड ही नहीं बने हैं। पीपल्स एक्शन फॉर पीपल्स इन नीड संस्था की समन्वयक सुमित्रा ने बताया कि एक और गांव माजरा में भी आधा दर्जन महिलाओं के विवाह पंजीकरण नहीं हुए है।
किशोरियों से शिक्षा पर जागरूक कर रही संस्था
धौलाकुआं पंचायत में शुक्रवार को पीपल्स एक्शन फॉर पीपल्स इन नीड संस्था अंधेरी के तहत किशोरियों से जुड़े मुद्दों पर हितधारकों व पंचायती राज संस्थाओं के साथ संवाद बैठक का आयोजन हुआ। इस दौरान ग्राम पंचायत धौलाकुआं, कोलर, टोकियों व माजरा की 50 से अधिक किशोरियों व महिलाओं ने हिस्सा लेते हुए स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला व बाल कल्याण, पुलिस व जिला बाल सुरक्षा इकाइयों के प्रतिनिधियों ने विस्तृत जानकारी देकर अवगत करवाया। भारतीय प्रबंधन संस्थान धौलाकुआं से डाक्टर जे रमेश ने किशोरियों को जानकारी बांटी।
बाल विवाह पर अलख
संस्था की समन्वयक समित्रा शर्मा ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम का लक्ष्य व जरूरत किशोरियों के शारीरिक, मानसिक व सामाजिक विकास में पंचायत प्रतिनिधियों व विभिन्न विभागों के अधिकारियों के सतत प्रयासों से भागीदारी को सुनिश्चित करना है। माजरा थाना के तहत एएसआई आशीष कुमार ने पोक्सो एक्ट व बाल विवाह की जानकारी प्रदान की।