सिहुंता में न्यू कांप्लेक्स सिस्टम का विरोध

काले बिल्ले लगाकर शिक्षकों ने बुलंद की आवाज, पुरानी व्यवस्था बहाली के लिए शिक्षकों ने खोला मोर्चा
कार्यालय संवाददाता-सिहुंता
प्राथमिक शिक्षक संघ खंड सिहुंता के नेतृत्व में शिक्षकों ने पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला के दौरान न्यू कांप्लेक्स सिस्टम के विरोध में काले बिल्ले लगाकर प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने सरकार और शिक्षा विभाग से नई कांप्लेक्स व्यवस्था वापस लेकर पूर्व व्यवस्था बहाल करने की मांग उठाई। इस विरोध प्रदर्शन में प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष ओंकार सिंह ठाकुर, महासचिव कुलदीप सिंह, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार धीमान और जिला महालेखाकार राजीव भारद्वाज सहित केंद्रीय मुख्य शिक्षक, मुख्य शिक्षक एवं कनिष्ठ अध्यापक शामिल हुए। सभी शिक्षकों ने एकजुट होकर नई व्यवस्था का विरोध किया।

शिक्षकों का कहना है कि वे विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए संसाधनों के साझा उपयोग के पक्षधर हैं, लेकिन नई कांप्लेक्स व्यवस्था के नाम पर पुरानी शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था में किए जा रहे बदलाव स्वीकार्य नहीं हैं। संघ ने मांग की कि पूर्व व्यवस्था बहाल करने के साथ शिक्षकों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना जाए। संघ के अनुसार इस मुद्दे को लेकर चल रहे क्रमिक अनशन के 102 दिन पूरे हो चुके हैं, लेकिन अभी तक मांगों का समाधान नहीं हुआ है। संघ ने स्पष्ट किया कि शिक्षक अपने अधिकारों, विद्यालयों की बेहतर व्यवस्था और विद्यार्थियों के हितों के लिए शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखेंगे।

15 नवंबर की धर्मशाला महारैली में जुटेंगे शिक्षक
इस अवसर पर शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने 15 नवंबर, 2026 को धर्मशाला में आयोजित होने वाली महारैली में बढ़-चढक़र भाग लेने का संकल्प लिया। महारैली में शिक्षक वर्ग के साथ मिड-डे मील वर्कर, मल्टी टास्क वर्कर और एसएमसी सदस्यों की भागीदारी सुनिश्चित करने का भी आह्वान किया गया।