रिटायरमेंट के बाद भी नहीं थमा पढ़ाई का जुनून, 73 की उम्र में एमए की परीक्षा दे रहे अनिल कुमार

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-धर्मशाला

जिंदगी की ढलती शाम में जब लोग आराम की तलाश करते हैं, धर्मशाला के 73 वर्षीय अनिल कुमार डोगरा ने किताबों से दोस्ती कर यह साबित कर दिया है कि सपने देखने और उन्हें पूरा करने की कोई उम्र नहीं होती। पीडब्ल्यूडी से सुपरिटेंडेंट पद से सेवानिवृत्त हो चुके डोगरा न केवल इग्नू से हिंदू स्टडीज में एमए कर रहे हैं, बल्कि उन्होंने अपनी बेटी को किडनी दान कर एक पिता के सर्वोच्च त्याग की अनूठी मिसाल भी पेश की है। अनिल कुमार डोगरा का यह सफर जितना प्रेरणादायक है, उतना ही संघर्षपूर्ण भी रहा है। उनके पास पहले से ही पंजाब यूनिवर्सिटी से दो स्नातकोत्तर (मास्टर्स) डिग्रियां मौजूद हैं, लेकिन ज्ञान की प्यास कभी कम नहीं हुई। इसी ललक के चलते उन्होंने वर्ष 2023 में हिंदू स्टडीज में एमए के लिए दाखिला लिया।

इसी दौरान परिवार पर बड़ा संकट आया और अपनी बेटी की जान बचाने के लिए उन्होंने अपनी एक किडनी दान कर दी। इस कठिन स्वास्थ्य और पारिवारिक दौर के कारण करीब दो साल तक उनकी पढ़ाई बाधित रही, लेकिन मजबूत इच्छाशक्ति के धनी डोगरा ने हार नहीं मानी और स्वस्थ होते ही फिर से किताबें थाम लीं। 51 साल बाद धर्मशाला के उसी राजकीय महाविद्यालय में दोबारा परीक्षा देने का अवसर मिला, जहां से उन्होंने कभी अपनी युवावस्था में पढ़ाई की थी।