धर्मशाला में गरजे चंबा के लोग

तपोवन विधानसभा परिसर से जोरावर स्टेडियम तक निकाला मौन जुलूस, अनदेखी पर खोला मोर्चा

स्टाफ रिपोर्टर -धर्मशाला
चंबा जिले की बदहाल स्वास्थ्य और परिवहन व्यवस्था के विरोध में सोमवार को चंबा वासियों ने तपोवन में सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। विधानसभा परिसर के बाहर से जोरावर स्टेडियम तक मौन जुलूस निकालकर प्रदर्शनकारियों ने काले झंडे दिखाए और गोबर लेकर अपना रोष जताया।
प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को ज्ञापन भेजकर जिले की प्रमुख समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा में डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की कमी से मरीजों को पेश आ रही परेशानियों का मुद्दा उठाया। उनका कहना था कि डॉक्टरों की कमी के चलते मरीजों को उपचार के लिए घंटों कतारों में खड़ा रहना पड़ता है। जुलाई में मेडिकल कॉलेज में एक युवक और मासूम बच्ची की मौत के मामलों की जांच के आदेश दिए गए थे, लेकिन काफी समय बीतने के बावजूद जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं हुई है। न ही जिम्मेदार डॉक्टरों पर कार्रवाई को लेकर कोई जानकारी सामने आई है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मिंजर मेले के दौरान सरोल में मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन तो कर दिया गया, लेकिन वहां अभी महज तीन ओपीडी ही शुरू हो पाई हैं। रोजाना करीब 10 से 12 मरीज ही उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। यदि मेडिकल कॉलेज को सरोल में शिफ्ट करना है, तो सभी ओपीडी एक ही स्थान पर शुरू की जाएं। वहीं, ट्रामा सेंटर शुरू न होने से सडक़ दुर्घटनाओं में घायल मरीजों को भी टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर करना पड़ रहा है। पहले जिले में करीब 202 रूटों पर बसें चलती थीं, लेकिन बसों की कमी के कारण अब केवल 115 से 120 रूट ही सुचारू रह गए हैं। बसों के रखरखाव के लिए करीब 222 मैकेनिकल कर्मचारियों की जरूरत है, जबकि महज 49 कर्मचारी ही सेवाएं दे
रहे हैं।