दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
भारत में इस हफ्ते एससीओ समिट शुरू होने वाला है। इससे पहले यह सम्मेलन विवादों में घिर गया है। इसकी वजह है पाकिस्तान के मंत्री का इस बैठक में हिस्सा लेने के लिए नई दिल्ली आना। दरअसल पाकिस्तान में शहबाज शरीफ की सरकार के एक मंत्री एससीओ सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली आ रहे हैं। भारत द्वारा समूह के सभी सदस्यों को दिए गए न्योते के बाद पाकिस्तान ने अपने पर्यावरण मंत्री के इस सम्मेलन में हिस्सा लेने की घोषणा की है। इसके बाद विपक्ष केंद्र सरकार पर हमलवार हो गया है। कांग्रेस ने कहा है कि बीते साल पहलगाम में पाकिस्तान के पाले हुए आतंकियों द्वारा 26 लोगों की बर्बरता से हत्या के बाद ऐसा क्या बदल गया है कि भारत अब पाकिस्तान को न्योता भेज रहा है। कांग्रेस की तरफ से सांसद मनीष तिवारी ने मोर्चा संभाला। 2025 में हुए पहलगाम हमले के बाद और यहां तक कि बीते चार दशकों में आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान का रुख नहीं बदला है। अप्रैल, 2025 में बैसरन घाटी में आतंकी हमला हुआ। धर्म के नाम पर लोगों को चिन्हित कर उन्हें शहीद कर दिया गया।
अप्रैल, 2025 से नवंबर, 2026 में क्या बदला है? कुछ भी नहीं बदला है। पिछले चार दशक में कुछ नहीं बदला है। उन्होंने पाक और आतंक के साथ गांठ पर जोर डालते हुए कहा कि पाक ने आतंक का दौर 1970 के दौर में ही शुरू कर दिया था। इसीलिए जो भारत की आपत्ति है कि पाक ने आतंकवाद का ताना-बाना बुना है अपनी धरती पर और इसका इस्तेमाल भारत के खिलाफ किया जाता है, इसका कोई समाधान तो नहीं निकला है? मनीष तिवारी ने माना कि एससीओ सम्मेलन में सभी सदस्य देश आते जाते रहते हैं, यह सामान्य है, लेकिन उन्होंने पाकिस्तान के रवैये पर सवाल खड़े किए।