शादी और बीमारी ठीक करने का दिया भरोसा, पूजा के बहाने महिला से दुष्कर्म और 6 लाख की ठगी

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में झाड़-फूंक के जरिए बीमारी ठीक करने और विवाह में आ रही बाधा दूर करने का भरोसा दिलाकर अविवाहित महिला से कथित दुष्कर्म तथा करीब छह लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। घरघोड़ा थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी और उसकी महिला सहयोगी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, लैलूंगा क्षेत्र की रहने वाली 40 वर्षीय महिला ने पांच नवंबर को घरघोड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने बताया कि मार्च 2026 में एक परिचित महिला के माध्यम से उसकी पहचान 45 वर्षीय चंद्र कुमार जायसवाल से हुई थी। आरोपी घरघोड़ा के अस्पताल पारा में प्रहलाद सिदार के मकान में किराए से रहता था।

पीड़िता को बताया गया था कि चंद्र कुमार हाथ देखकर भविष्य बताने के साथ झाड़-फूंक और दवाओं के जरिए बीमारियों का उपचार करता है। इस पर महिला ने उससे मोबाइल फोन पर संपर्क कर शरीर में लगातार दर्द रहने और विवाह नहीं होने की समस्या बताई। आरोपी ने पूजा-पाठ और झाड़-फूंक से दोनों परेशानियां दूर करने का दावा किया। इसके बाद उनके बीच मोबाइल और वॉट्सऐप के माध्यम से बातचीत होने लगी।


शिकायत के मुताबिक, आठ मार्च को चंद्र कुमार ने महिला को विशेष पूजा और उपचार के लिए रायगढ़ रोड स्थित अपने किराए के मकान में बुलाया। महिला बस से घरघोड़ा पहुंची, जहां से आरोपी उसे मोटरसाइकिल पर अपने मकान ले गया। वहां पहले से मौजूद 39 वर्षीय गायत्री, निवासी ग्राम गेरसा सुकवासीपारा, धरमजयगढ़, का परिचय पूजा-पाठ करने वाली महिला के रूप में कराया गया।

पीड़िता के अनुसार, गायत्री ने उसकी समस्याएं जानने के बाद पूजा के लिए कपूर, घर की मिट्टी और लड्डू मंगवाए। सामान लेकर लौटने पर उसे स्नान कर गीले कपड़ों में पूजा स्थल पर बैठने को कहा गया। गायत्री ने स्वयं महिला होने और पूजा के दौरान उपस्थित रहने का भरोसा देकर पीड़िता की आशंकाएं दूर करने का प्रयास किया।

इसके बाद चंद्र कुमार ने हवन और पूजा की प्रक्रिया शुरू की। इसी दौरान उसने कथित तौर पर नींद की दवा मिला पानी अभिमंत्रित जल बताकर पीड़िता को पिला दिया। पानी पीने के कुछ समय बाद महिला को चक्कर आने लगे और वह बेहोश हो गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसी अवस्था का फायदा उठाकर चंद्र कुमार ने उसके साथ दुष्कर्म किया। होश आने पर महिला ने घटना का विरोध किया लेकिन आरोपी ने कथित तौर पर इसे बीमारी और विवाह संबंधी बाधाएं दूर करने की धार्मिक प्रक्रिया बताकर अपने कृत्य को उचित ठहराने का प्रयास किया।

पुलिस के मुताबिक, इसके बाद आरोपियों ने महिला से आर्थिक वसूली भी शुरू कर दी। पूजा-पाठ और हवन के नाम पर पहले चार हजार रुपये और फिर 12 हजार रुपये लिए गए। बाद में चंद्र कुमार ने वेस्टिज कंपनी में काम दिलाने का प्रलोभन देकर उससे और रकम मांगी। इस प्रकार विभिन्न बहानों से दोनों आरोपियों ने पीड़िता से करीब छह लाख रुपये वसूल लिए।

लंबे समय तक न तो महिला की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी दूर हुई और न ही उसे बताए गए अन्य लाभ मिले। इसके बाद उसने आरोपियों से सवाल किए और पुलिस में शिकायत करने की बात कही। आरोप है कि इस पर दोनों ने उसे डराया-धमकाया। पीड़िता की शिकायत के आधार पर घरघोड़ा पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि चंद्र कुमार जायसवाल और उसकी महिला सहयोगी पहले से एक-दूसरे के संपर्क में थे तथा दोनों ने मिलकर झाड़-फूंक और पूजा-पाठ के बहाने महिला को फंसाने की योजना बनाई थी।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चंद्र कुमार जायसवाल और महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने लोगों से अंधविश्वास और झाड़-फूंक के नाम पर धोखाधड़ी करने वालों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग अंधविश्वास और झाड़-फूंक के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं। किसी भी तरह के शोषण या अपराध की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। उन्होंने बताया कि युवती की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है।