कांस्य पदक जीतकर रजनी ने प्रदेश स्तरीय मुकाबले में मनवाया प्रतिभा का लोहा, शानदार प्रदर्शन किया
नगर संवाददाता-चंबा
राजकीय महाविद्यालय चंबा की छात्रा रजनी ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय अंतर महाविद्यालय ताइक्वांडो प्रतियोगिता 2026-27 के अंडर-46 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया है। यह प्रतियोगिता 22 से 24 अक्तूबर तक राजकीय महाविद्यालय बैजनाथ में आयोजित की गई। रजनी की इस उपलब्धि पर राजकीय महाविद्यालय चंबा में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश राठौर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने रजनी को कांस्य पदक, प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. राकेश राठौर ने रजनी को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
रजनी ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन से यह उपलब्धि हासिल कर महाविद्यालय सहित पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेल और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए निरंतर प्रोत्साहित करता रहेगा। इस उपलब्धि के लिए प्राचार्य ने शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रभारी प्रो. नीरज चौहान और टीम प्रबंधक प्रो. अंकिता धवन को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाडिय़ों को उचित मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देने में शिक्षकों की अहम भूमिका रहती है। कार्यक्रम में महाविद्यालय के स्टाफ सदस्य और खिलाड़ी उपस्थित रहे।