परिसीमन बिल पर फिर सियासी संग्राम, विपक्ष में बढ़ी एकजुटता की चुनौती, विधेयक के समर्थन में… पढ़ें पूरी खबर

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली

परिसीमन बिल पर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने मास्टरस्ट्रोक चल दिया है। एक तरफ सरकार ने विपक्षी गठबंधन में हलचल मचा दी है, तो दूसरी तरफ इंडिया गठबंधन के अहम सहयोगी शरद पवार और उनकी पार्टी को अपने पाले में कर लिया है। संसद के विशेष सत्र के आह्वान के साथ ही दो दिन से देश की राजनीति में संग्राम-सा छिड़ गया है। सरकार ने शुक्रवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक बुलाकर लोकसभा की सीटों में 50 फीसदी की बढ़ोतरी को मंजूरी देकर सीटों की कुल संख्या 815 तक करने के साथ सत्र के बुलाने के अपने इरादे स्पष्ट कर दिए। दूसरी तरफ इंडिया गठबंधन को इस मुद्दे पर विरोध की पुरानी लाइन पर बरकरार रखना कांग्रेस के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। शुक्रवार को एनसीपी का शरद पवार खेमा इंडिया गठबंधन से छिटक गया। साथ ही डीएमके और वाईएसआर ने भी दोगले संकेत देकर हलचल बढ़ा दी है। हालांकि लोकसभा में बिल पारित करवाना अब भी मोदी सरकार के लिए बड़ी चुनौती है, लेकिन सूत्र दावा कर रहे हैं कि बहुमत का जुगाड़ लगभग हो गया है और थोड़ी बहुत जो कसर शेष है, अगले तीन दिन में पूरी हो जाएगी। इस समय सरकार के पास 320 वोट हैं, जबकि दो तिहाई बहुमत के लिए 360 सांसदों की जरूरत होगी। तीन दल इंडिया गठबंधन से छिटक कर सरकार को समर्थन दे रहे हैं, जिसमें डीएमके के 22, शरद एनसीपी के आठ और वाईएसआर के चार सांसद हैं।

हालांकि यह आंकड़ा भी बहुमत से दूर है और इस स्थिति के सपा जैसे दल की गैर हाजिरी या क्रास वोटिंग की आवश्यकता होगी। वहीं देर शाम सभी सांसदों को परिसीमन बिल की कॉपी बांट दी गई। दरअसल, शरद पवार की पार्टी एनसीपी (एसपी) ने संसद में परिसीमन बिल का समर्थन करने का ऐलान कर दिया है। एनसीपी के नेता जितेंद्र अव्हाड ने इसकी पुष्टि की है। मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में पार्टी प्रमुख शरद पवार से मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार, परिसीमन किया जाना है। सुप्रिया ताई और सांसदों ने यह फैसला लिया है कि हमारी पार्टी इसका समर्थन करेगी। इससे पूर्व शुक्रवार को मोदी कैबिनेट ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संशोधित प्रस्तावों को मंजूरी दे दी। प्रस्ताव के तहत सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की मौजूदा संख्या में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी। इसके साथ ही राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात अगले 25 वर्षों यानी 2051 तक स्थिर रखने का प्रस्ताव है। इस व्यवस्था का उद्देश्य परिसीमन के दौरान दक्षिणी राज्यों की राजनीतिक हिस्सेदारी प्रभावित होने की आशंका को दूर करना है। इस विधेयक को अब लोकसभा और राज्यसभा में पेश किया जाएगा, जहां पर एनडीए को इसे पास करवाने के लिए दो तिहाई बहुमत की जरूरत होगी। सरकार ने बीते दिन संसद का विशेष सत्र बुलाने का ऐलान किया था। इसके बाद से ही अटकलें लगने लगी थीं कि सरकार संसद में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को पेश कर सकती है। अगर यह बिल दो तिहाई बहुमत के साथ संसद में पास हो जाता है, तो लोकसभा में कुल सीटों की संख्या बढक़र 543 से 850 हो जाएगी। सभी राज्यों में 50 फीसदी सीटें बढ़ेंगी। बढ़ाई गई सभी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की जा सकती हैं। सूत्रों के मुताबिक, नए बिल में कुछ बदलाव किए गए हैं, ताकि परिसीमन के बाद किसी भी राज्य की लोकसभा में सीटों की हिस्सेदारी दूसरे राज्यों के मुकाबले कम न हो। सरकार इसे 30 नवंबर से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में पास कराना चाहती है।

यह है प्रावधान

परिसीमन बिल 50 फीसदी सीटें बढ़ाने का प्रावधान किया गया है, जिसके बाद लोकसभा की सीटों की संख्या 850 हो जाएगी, जिसमें राज्यों में 815 और केंद्रशासित प्रदेशों में 35 सीटें होंगी। परिसीमन के बाद सभी राज्यों की लोकसभा सीटें 50 प्रतिशत बढ़ेंगी। महिला आरक्षण बिल और परिसीमन को पारित कराने के लिए मोदी सरकार को लोकसभा में दो तिहाई समर्थन की जरूरत है।

विरोध में कांग्रेस, इंडिया गठबंधन की बैठक आज

कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने परिसीमन बिल का विरोध करने का फैसला किया है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने साफ कर दिया है कि विपक्ष के पास विधेयक को रोकने के लिए पर्याप्त संख्या हो या न हो, वह इसका हर स्तर पर विरोध करेगा। वहीं शनिवार सुबह 11:30 बजे मल्लिकार्जुन खडग़े के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन की बैठक होगी। इसमें स्टालिन और शरद गुट को भी बुलाया जाएगा। कांग्रेस की संसदीय रणनीति समिति की बैठक में राहुल गांधी ने कहा कि परिसीमन विधेयक के विरोध को लेकर पार्टी का फैसला साफ है। उन्होंने कहा कि बीजेपी अपने राजनीतिक फायदे के लिए इस विधेयक को दोबारा ला रही है।