निजी संवाददाता — अमृतसर
अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने छह व्यक्तियों को 14 आधुनिक पिस्तौलों सहित गिरफ्तार करके अवैध हथियारों की आपूर्ति करने वाले दो अलग-अलग नेटवर्कों का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी यहां पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने दी। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान बॉबी सिंह और रविंदर सिंह उर्फ मन्ना, दोनों निवासी गांव तलवंडी शोभा सिंह तरनतारन, गुरप्रीत सिंह उर्फ प्रीत निवासी गांव खोआला तथा वर्तमान निवासी मैक्स सिटी, जंडपीर कॉलोनी, अमृतसर, कमल निवासी संधू कॉलोनी, अमृतसर, अजय सिंह उर्फ काका निवासी एसमा एस्टेट, अमृतसर और स्वर्ण सिंह निवासी सेक्टर-17, पंचकूला, हरियाणा के रूप में हुई है। बरामद किए गए पिस्तौलों में एक 30 बोर टिसास जिगाना, एक 30 बोर जिगाना ईगल, एक 30 बोर (चीन निर्मित), दो एमएम पिस्तौल, सात 30 बोर पिस्तौल और दो 32 बोर पिस्तौल शामिल हैं।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी कथित तौर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से विदेशों में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे, जिन्होंने ड्रोन के जरिए अवैध हथियारों की खेप पहुंचाने में सहायता की थी। उन्होंने बताया कि आरोपी कथित तौर पर इन खेपों को प्राप्त करते थे और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों को हथियारों की आपूर्ति करते थे। डीजीपी ने कहा कि अवैध हथियारों की आपूर्ति के बड़े नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए इस मामले के आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने और अन्य सहयोगियों की पहचान करने के उद्देश्य से आगे की जांच जारी है।