ध्यान रखें; घर के अंदर पटाखे न जलाएं, दिवाली को लेकर अग्निशमन विभाग ने जारी की एडवाइजरी

कहा, पटाखों से जलने या चोट लगने पर उसे नजर अंदाज न करें

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला

दिवाली के दौरान अग्नि सुरक्षा के लिए क्या न करें और पटाखे चलाने इसको लेकर अग्निशमन विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। अग्निशमन विभाग की ओर से जारी की गई एडवाइजरी में कहा गया है कि घर के अंदर पटाखे न जलाएं। इसके अलावा कभी भी घर के भीतर, खिड़कियों के पास या अन्य बंद स्थानों पर पटाखे न जलाएं। ढीले व लटकते कपड़े न पहने। अग्निशमन विभाग ने एडवाइजरी में बताया है कि ज्वलनशील पदार्थों के पास पटाखों का उपयोग न करें और सूखी पत्तियों, गैस सिलेंडरों या वाहनों आदि से पटाखों को दूर रखें। इसके अलावा बिना जले पटाखों को दोबारा न चलाएं। अग्निशमन विभाग के मुख्य अग्निशमन अधिकारी संजीव कुमार ने कहा कि आपातकालीन निकास मार्ग को अवरुद्ध न करें, सुनिश्चित करें कि पटाखे ऐसे क्षेत्रों में न जलाएं जो आग लगने की स्थिति में निकास मार्ग या बचाव के मार्ग को बंद कर सकते हंै।


आग से ऐसे करें बचाव

लाइसेंस धारक विक्रेताओं से ही पटाखे खरीदें। इसके अलावा यह सुनिश्चित करें कि आप गुणवत्ता वाले पटाखे ही खरीदें जो कानूनी रूप से दुर्घटनाओं के जोखिम को कम करने के लिए अनुमोदित हों। पटाखों को खुले स्थानों पर चलाएं और पटाखों को इमारतों, वाहनों और ज्वलनशील पदार्थों से दूर खुले स्थानों जैसे पार्क या बड़े मैदानों में चलाएं। पानी की भरी बाल्टी समीप रखें और आग की आपात स्थिति से निपटने हेतु हमेशा पानी तैयार रखें। पटाखों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें, चोटों से बचने के लिए पटाखे चलाने के बाद उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखें।