20 दिनों तक चलता रहा मौत का खेल, पत्नी समेत परिवार के 7 लोगों की हत्या कर दो राज्यों में फेंके शव!

बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में पारिवारिक और संपत्ति विवाद के चलते एक कैब ड्राइवर के पत्नी सहित परिवार के सात सदस्यों की हत्या करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी ने कथित तौर पर करीब 20 दिनों के भीतर इस वारदात को अंजाम दिया और सबूत छिपाने के लिए सभी के शव कर्नाटक तथा तमिलनाडु में अलग-अलग जगहों पर फेंक दिये थे। पुलिस ने दो राज्यों में चार दिनों तक चले गहन तलाशी अभियान के बाद सभी सातों शवों को बरामद कर लिया है। अब जांचकर्ता इन हत्याओं के सटीक मकसद का पता लगाने, वारदातों के क्रम को जोड़ने और आरोपी के दावों की सत्यता की जांच कर रहे हैं।

इस मामले में आरोपी इंदुशेखर ने पूछताछ के दौरान दावा किया कि उसकी पत्नी और उसके परिवार की उसे दी गई मानसिक प्रताड़ना तथा संपत्ति से जुड़े विवादों के कारण उसने इन हत्याओं को अंजाम दिया। पुलिस को हालांकि संदेह है कि इन हत्याओं के पीछे अन्य उद्देश्य भी हो सकते हैं और वह सबूतों के आधार पर उसके दावों की जांच कर रही है।

उन्होंने बताया कि आरोपी के साले शंकर और साली नलिनी के शव हासन और दक्षिण कन्नड़ जिलों की सीमाओं को कवर करने वाले शिरादी घाट के घने जंगल क्षेत्र से बरामद किए गए। इससे पहले पुलिस ने तमिलनाडु में सलेम के पास उसकी पत्नी सुनीता और सास रूपवती के शव बरामद किए थे। उसके साले शिवकुमार और साली दिव्या के शव मैसूर में चामुंडी हिल्स के पास खड्डों में अलग-अलग स्थानों पर मिले, जबकि शंकर के 10 वर्षीय बेटे पुनीत का शव बेंगलुरु के बाहरी इलाके में नंदी हिल्स के पास से बरामद किया गया।


माना जा रहा है कि ये हत्याएं 14 अक्टूबर से 3 नवंबर के बीच की गई। जांचकर्ताओं का मानना है कि आरोपी ने पारिवारिक आयोजनों के बहाने अपनी पत्नी के रिश्तेदारों को बेंगलुरु के राजाजीनगर-भाष्यम सर्किल क्षेत्र स्थित अपने घर पर बुलाया था और फिर उनकी हत्या कर अपराध को छिपाने के लिए शवों को दूर-दराज के इलाकों में ठिकाने लगा दिया। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने पीड़ितों के मोबाइल फोन का इस्तेमाल करके संदेश भेजे थे, ताकि ऐसा लगे कि वे जीवित हैं और इस तरह हत्याओं के खुलासे में देरी हो सके।

पुलिस ने बताया कि इस पूरी जांच के तहत आरोपी की 17 वर्षीय बेटी की भूमिका और बयानों की भी बारीकी से जांच की जा रही है। इस घटना में 10 साल का एक बच्चा बच गया है। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सभी सातों शवों को उनके संबंधित परिवारों को सौंप दिया गया है और अंतिम संस्कार कर दिया गया है। पुलिस हत्याओं के सटीक क्रम, इसकी सुनियोजित साजिश और इस अपराध में किसी अन्य की संलिप्तता का पता लगाने के लिए लगातार पूछताछ और फॉरेंसिक साक्ष्यों की जांच कर रही है।