पांच डीए किस्तें और एरियर जारी करे सरकार

पेंशनरों का आंदोलन को समर्थन, बोले, मांगें नहीं मानीं तो करेंगे विधानसभा का घेराव
नगर संवाददाता-चंबा
डा. अंबेडकर सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं वरिष्ठ नागरिक एसोसिएशन की बैठक शनिवार को अंबेडकर भवन में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता मनोहर लाल हितैषी ने की। बैठक में सदस्यों ने प्रदेश पैंशनर संघर्ष समिति की ओर से विभिन्न जिलों में प्रदेश सरकार के खिलाफ चलाए जा रहे आंदोलन को समर्थन दिया। साथ ही 17 नवंबर तक प्रतिदिन होने वाले प्रदर्शन में भागेदारी सुनिश्चित करने का फैसला लिया। वक्ताओं ने प्रदेश सरकार से मांग की कि पेंशनरों के लंबित वित्तीय लाभों का जल्द भुगतान किया जाए। इसके अलावा महंगाई भत्ते की 13 प्रतिशत की दर से लंबित 5 किस्तें तथा वर्ष 2023 में घोषित महंगाई भत्ते का एरियर इसी वर्ष जारी करने की घोषणा के साथ संबंधित अधिसूचना भी जारी की जाए। सदस्यों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार उनकी मांगों को लेकर गंभीरता नहीं दिखाती है तो तपोवन में होने वाले विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान विधानसभा और मुख्यमंत्री का घेराव किया जाएगा।

इस दौरान सरकार के पैंशनर विरोधी रवैये की भी कडी निंदा की। एसोसिएशन ने प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि सुरेश ठाकुर गुट के प्रतिनिधियों को बातचीत के लिए बैठक में आमंत्रित किया जाए ताकि सभी पक्षों के साथ आम सहमति बनाकर पैंशनरों की लंबित देन-दारियों के भुगतान का खाका तैयार किया जा सके। वक्ताओं ने पेंशनरों के लंबित मेडिकल बिलों के भुगतान हेतु बजट की उपलब्धता सुनिश्चित बनाने की मांग भी दोहराई। इस अवसर पर एसोसिएशन की ओर से 80 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सदस्यों को शाल और टोपी पहनाकर सम्मानित भी किया गया। इस मौके पर प्रधान जितेंद्र सूर्या, राकेश हितैषी, तरसेम चौहान, कुलदीप अहीर, जितेंद्र चंद्रा, भीम राज वर्धन, राजेंद्र अहीर, जीत सिंह चंद्रा, भूपिंद्र सूर्या, मदन पाल चंद्रा और महासचिव शिवचरण चंद्रा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।–