कर्म सिद्धांत में छिपा जीवन का परम सत्य

प्रारब्ध और पुरुषार्थ के बीच संघर्ष मानव जीवन का ऐसा सनातन सत्य है, जिससे शायद ही कोई व्यक्ति अछूता रहता हो। जीवन में कभी परिस्थितियां हमारी अपेक्षाओं के अनुकूल होती हैं तो कभी तमाम प्रयासों के बावजूद सफलता हमसे दूर दिखाई देती है। ऐसे में मनुष्य के मन में यह प्रश्न उठना स्वाभाविक है कि मनुष्य के जीवन की दिशा भाग्य निर्धारित करता है अथवा उसके अपने कर्म और प्रयास? भारतीय दर्शन इस प्रश्न का उत्तर प्रारब्ध और पुरुषार्थ के संतुलित समन्वय में खोजता है। प्रारब्ध जहां मनुष्य को प्राप्त परिस्थितियों और पूर्व कर्मों के फल का बोध कराता है, वहीं पुरुषार्थ उन परिस्थितियों के बीच अपनी राह बनाने की इच्छाशक्ति, कर्मठता और संकल्प का परिचायक है। सनातन चिंतन में धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष को जीवन के चार पुरुषार्थ कहा गया है। इनका उद्देश्य केवल भौतिक उपलब्धियां अर्जित करना नहीं, बल्कि मनुष्य को नैतिकता, संतुलन और आत्मिक उन्नति की दिशा में अग्रसर करना है। भारतीय कर्म दर्शन में संचित कर्म पूर्व में अर्जित कर्मों का संग्रह है, प्रारब्ध उसके उस भाग को माना जाता है जिसका फल वर्तमान जीवन में प्राप्त हो रहा है, जबकि क्रियमाण कर्म वर्तमान में किए जा रहे प्रयासों का प्रतिनिधित्व करते हैं। इस दृष्टि से मनुष्य का वर्तमान केवल परिस्थितियों की देन नहीं, बल्कि उसके आज के कर्म भी भविष्य की संभावनाओं का निर्माण करते हैं। श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण का अर्जुन को दिया गया उपदेश इस जीवन दर्शन का सबसे प्रभावशाली आधार है :
कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन।
मा कर्मफलहेतुर्भूर्मा ते सङ्गोऽस्त्वकर्मणि॥
अर्थात् मनुष्य का अधिकार कर्म करने में है, उसके फल पर नहीं। उसे न तो फल की आसक्ति में बंधना चाहिए और न ही परिणाम की चिंता में अपने कत्र्तव्य से विमुख होना चाहिए। गीता का यह संदेश भाग्यवाद को प्रोत्साहित नहीं करता, बल्कि मनुष्य को कर्म के प्रति निष्ठावान और परिणामों के प्रति समभाव रखने की प्रेरणा देता है। हालांकि जीवन की प्रत्येक असफलता को व्यक्ति के कमजोर प्रयासों का परिणाम मानना भी उचित नहीं है। बेरोजगारी, आर्थिक विषमता, प्राकृतिक आपदाएं, बीमारी और अवसरों की असमान उपलब्धता जैसी परिस्थितियां मनुष्य की क्षमता और परिश्रम को प्रभावित करती हैं। ऐसे में केवल भाग्य अथवा व्यक्तिगत प्रयासों के आधार पर किसी के जीवन का मूल्यांकन करना संवेदनहीनता होगी। समाज और व्यवस्था का भी दायित्व है कि प्रत्येक व्यक्ति को आगे बढऩे के समान अवसर उपलब्ध कराए जाएं।

धर्म का वास्तविक मर्म दूसरों के संघर्ष को समझना और उनकी कठिनाइयों में सहयोग करना भी है। मनुष्य की एक बड़ी विडंबना यह भी है कि सफलता मिलने पर वह अपने पुरुषार्थ का श्रेय स्वयं को देने लगता है, जबकि असफलता आने पर प्रारब्ध को दोषी ठहराकर आत्मविश्लेषण से बचता है। वस्तुत: सफलता में परिश्रम के साथ अवसर, सहयोग और परिस्थितियों की भी भूमिका होती है। इसलिए उपलब्धियों में विनम्रता और असफलताओं में आत्ममंथन आवश्यक है। समत्व भाव का यही वास्तविक अर्थ है कि सुख-दुख, लाभ-हानि और सफलता-असफलता के उतार-चढ़ाव में मनुष्य अपना विवेक और कर्मनिष्ठा न खोए। जीवन में इस संतुलन को बनाए रखने के लिए आवश्यक है कि हम अपनी परिस्थितियों को स्वीकार करें, लेकिन उन्हें बदलने की संभावनाओं को समाप्त न मानें। बड़े लक्ष्य को छोटे प्रयासों में विभाजित करें, नियमित अनुशासन अपनाएं और असफलता मिलने पर अपनी कार्यशैली तथा निर्णयों की समीक्षा करें। दूसरों की सफलता से ईष्र्या करने के बजाय उनसे सीखें। धैर्य, आत्मविश्वास और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति बनाए रखें। ईश्वर के प्रति आस्था और प्रार्थना मन को संबल प्रदान कर सकती है, लेकिन कर्म का विकल्प नहीं बन सकती। मनुष्य को न तो भाग्य के भरोसे निष्क्रिय बैठना चाहिए और न ही अपने प्रयासों के अहंकार में जीवन की अनिश्चितताओं को भूलना चाहिए। कर्म को धर्म, धैर्य को संबल और संतोष को आंतरिक शक्ति बनाकर आगे बढऩा ही सच्ची जीवन साधना है। क्योंकि प्रारब्ध हमें परिस्थितियां दे सकता है, लेकिन उन परिस्थितियों में अपने चरित्र, कर्म और जीवन की दिशा को सार्थक बनाने का अवसर पुरुषार्थ ही प्रदान करता है।

-डॉ. अनुज कुमार आचार्य, बैजनाथ