बिलासपुर में जल्द बजेगा ट्रेन का हॉर्न, अनुराग के ऐलान से जगी नई उम्मीद, जानें कब पूरा होगा सपना

निजी संवाददाता — भराड़ी

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि मार्च 2028 तक बिलासपुर में ट्रेन का हॉर्न बज जाएगा और क्षेत्र के लोगों का वर्षों पुराना रेल का सपना साकार होगा। बिलासपुर तक रेल पहुंचना विकास की दिशा में महत्त्वपूर्ण कदम साबित होगा। इससे न केवल लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी, बल्कि व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। अनुराग ठाकुर मंगलवार को घुमारवीं उपमंडल के हटवाड़ (गलाही) में दी हटवाड़ कृषि सेवा सहकारी सभा समिति के भवन की दूसरी मंजिल का उद्घाटन करने पहुंचे थे। उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा हिमाचल प्रदेश के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष किया है। बीबीएमबी से प्रदेश को रॉयल्टी दिलाने के लिए भाजपा ने अधिकार यात्रा से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ी। भाजपा की सरकारों ने अदालत में हलफनामे दाखिल कर हिमाचल का पक्ष मजबूती से रखा।

उन्होंने कहा कि कसाउ बांध भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देन है। भाजपा ने हमेशा प्रदेश के अधिकारों और विकास को प्राथमिकता दी है, जबकि प्रदेश की कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू इस कार्य का झूठा श्रेय लेने में जुटे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कार्य में कांग्रेस सरकार का कोई योगदान नहीं है। कांग्रेस का कोई भी नेता प्रदेश के अधिकारों की लड़ाई के लिए एक किलोमीटर भी पैदल नहीं चला है। केंद्र सरकार हिमाचल के विकास के लिए लगातार आर्थिक सहयोग उपलब्ध करवा रही है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार का एक ही काम रह गया है कि पैसा केंद्र सरकार दे और फट्टे अपने लगवाए।