IPL में होगी दो नई टीमों की एंट्री, इन दो शहरों के नाम सबसे आगे, 8000 करोड़ से ज्यादा की लगेगी बोली

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली

दुनिया की सबसे अमीर और पॉपुलर क्रिकेट लीग यानी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का दायरा अब और बड़ा होने जा रहा है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) साल 2028 से आईपीएल में दो नई टीमों को शामिल करने की योजना बना रहा है। रिपोट्र्स के मुताबिक इन दो नई टीमों की रेस में पुणे और वडोदरा शहर सबसे आगे चल रहे हैं। हालांकि बातचीत अभी शुरुआती दौर में है। ऐसा माना जा रहा है कि शहरों के नाम में आगे बदलाव भी संभव है। यह बड़ा विस्तार 2028 से 2032 के अगले मीडिया राइट्स साइकिल के साथ हो सकता है। बढ़ती ग्लोबल पॉपुलैरिटी को देखते हुए हर नई फ्रेंचाइजी की कीमत एक अरब डॉलर (करीब 8,300 करोड़ रुपए) से अधिक रहने का अनुमान है। इस नई बोली में सिर्फ भारतीय दिग्गज कारोबारी ही नहीं, बल्कि अमरीका के बड़े फैमिली ऑफिस, मिडल ईस्ट (पश्चिम एशिया) के सोवेरिन वेल्थ फंड और ब्रिटेन की प्राइवेट इक्विटी फर्म परमीरा जैसे बड़े विदेशी इन्वेस्टर्स भी मोटा पैसा लगाने को बेताव दिख रहे हंै। बता दें पुणे शहर का आईपीएल से पुराना नाता रहा है।

पुणे इससे पहले पुणे वॉरियर्स इंडिया और राइजिंग पुणे सुपरजायंट की मेजबानी कर चुका है। साल 2017 में पुणे की टीम फाइनल तक भी पहुंची थी। वहीं गुजरात को स्पोट्र्स हब बनाने की तैयारी चल रही है। अहमदाबाद से महज 110 किमी दूर वडोदरा में इंटरनेशनल क्रिकेट का बेहतरीन माहौल है और 2036 ओलंपिक की मेजबानी की भारत की दावेदारी को देखते हुए इस शहर पर दांव लगाया जा रहा है। हाल ही में हुई दो बड़ी डील्स ने नई टीमों की कीमत का अंदाजा लगा दिया है। डियाजियो ने आरसीबी को 1.78 अरब डॉलर (करीब 15,000 करोड़ रुपये) की वैल्यूएशन पर आदित्य बिड़ला गु्रप और ब्लैकस्टोन जैसे दिग्गजों के कंसोर्टियम को बेचा है। वहीं लक्ष्मी मित्तल फैमिली और अदार पूनावाला ने राजस्थान रॉयल्स को 1.65 अरब डॉलर की वैल्यूएशन पर खरीदा है। इससे पहले साल 2022 में लखनऊ सुपर जायंट्स 940 मिलियन डॉलर और गुजरात टाइटंस 750 मिलियन डॉलर में बिकी थीं।