जयराम ठाकुर बोले- सेना के खिलाफ बोलने वाले मंत्री को मंत्रिमंडल में रहने का अधिकार नहीं
मुख्यमंत्री पर जगत नेगी को संरक्षण देने का आरोप
स्टाफ रिपोर्ट—तपोवन (धर्मशाला)
हिमाचल प्रदेश विधानसभा में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की सेना और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर की गई कथित विवादित टिप्पणी पर शुक्रवार को भी सदन में जमकर हंगामा हुआ। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही भाजपा विधायकों ने टिप्पणी को कार्यवाही से हटाने और मंत्री को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग उठाई। विधानसभा अध्यक्ष की ओर से रिकॉर्ड की जांच के बाद फैसला लेने की बात कहे जाने पर विपक्ष संतुष्ट नहीं हुआ और भाजपा विधायकों ने नारेबाजी करते हुए सदन से वाकआउट कर दिया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और विधानसभा अध्यक्ष पर मामले में उचित कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश की सेना के खिलाफ टिप्पणी करने वाले मंत्री को मंत्रिमंडल में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। मुख्यमंत्री को तत्काल जगत सिंह नेगी को बर्खास्त करना चाहिए।
जयराम ठाकुर ने कहा कि विपक्ष पिछले दिन से लगातार इस मुद्दे को सदन में उठा रहा है। विधानसभा अध्यक्ष की अनुपस्थिति में सभापति ने आश्वासन दिया था कि अगले दिन पूरा रिकॉर्ड देखने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। शुक्रवार को अध्यक्ष के सदन में पहुंचने पर विपक्ष ने फिर इस मामले में जवाब मांगा, लेकिन रिकॉर्ड की जांच के बाद फैसला लेने की बात दोहराई गई। उन्होंने कहा कि संबंधित मंत्री माफी मांगने के लिए भी तैयार नहीं हैं।नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री पर मंत्री को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भी खुलकर उनके पक्ष में खड़े नजर आए। भाजपा को गाली देने पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन देश की सेना और जवानों के अपमान को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।उन्होंने कहा कि राफेल और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर सदन में जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया गया, वह बेहद गंभीर है। मंत्री की टिप्पणी से भारतीय सेना की कार्रवाई पर सवाल खड़े हुए और जवानों के सम्मान को ठेस पहुंची है। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि इस तरह की बयानबाजी पाकिस्तान की भाषा को बढ़ावा देने जैसी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष मुख्यमंत्री से पूरे मामले पर स्पष्टीकरण और संबंधित मंत्री की बर्खास्तगी की मांग करता रहेगा।