नए जिले बनाने की चर्चा के बीच विक्रमादित्य सिंह का बड़ा बयान, शिमला को लेकर कही ये बात

धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में नए जिलों के गठन को लेकर कांग्रेस के भीतर ही विरोध के स्वर उठने लगे हैं। आरएस बाली के बाद अब लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भी शिमला जिले के विभाजन का विरोध किया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिमला जिला एक था, एक है और एक ही रहेगा। उनका मानना है कि जिले का विभाजन करने के बजाय जरूरत के अनुसार नए सब-डिवीजन और प्रशासनिक कार्यालय खोले जाने चाहिए।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि नए जिलों के गठन को लेकर सरकार ने आयोग बनाया है। आयोग भौगोलिक परिस्थितियों, सड़क संपर्क और प्रशासनिक जरूरतों का अध्ययन कर रिपोर्ट देगा। इसके बाद ही सरकार कोई फैसला लेगी। उन्होंने कहा कि 20 साल पहले और आज की परिस्थितियों में काफी बदलाव आया है। सड़क नेटवर्क और कनेक्टिविटी बेहतर हुई है, इसलिए नए जिलों की जरूरत का आकलन राजनीतिक नहीं, बल्कि प्रशासनिक दृष्टिकोण से होना चाहिए।