बांग्लादेश में फिर भडक़ी हिंसा, ढाका समेत कई जिलों में बम धमाके, बस में आग लगाकर जिंदा जलाया ड्राइवर

एजेंसियां — ढाका

बांग्लादेश में एक बार फिर हिंसा और आगजनी की घटनाओं से हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। राजधानी ढाका समेत कई जिलों में अज्ञात उपद्रवियों ने बसों को आग के हवाले कर दिया और कई स्थानों पर देशी बम धमाके किए। सबसे दर्दनाक घटना फरीदपुर में सामने आई, जहां अज्ञात उपद्रवियों ने खड़ी बस में आग लगा दी और 60 साल के बस ड्राइवर जिंदा जला दिया। दमकलकर्मियों ने उन्हें गंभीर हालत में बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। रिपोट्र्स के मुताबिक, बांग्लादेश के अलग-अलग हिस्सों में बसों में आग लगाने और बम धमाकों की कई घटनाएं हुईं। ढाका, सावर और गाजीपुर में छह बसों को आग के हवाले कर दिया गया। इसके अलावा एक विश्वविद्यालय के छात्रों से भरी बस पर पेट्रोल बम फेंकने की घटना भी सामने आई है। लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

बांग्लादेश के फरीदपुर जिले में हिंसा की सबसे गंभीर घटना गोलचामत नए बस स्टैंड के पास हुई। यहां बस ड्राइवर मोहम्मद कालाचन शेख रात के समय अपनी खड़ी बस के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात उपद्रवियों ने बस पर पेट्रोल बम फेंककर आग लगा दी। आग तेजी से बस के अंदर फैल गई और ड्राइवर उसकी चपेट में आ गए। सूचना मिलने पर दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और उन्हें बस से बाहर निकाला। इसके बाद गंभीर हालत में फरीदपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बांग्लादेश में हिंसा के बीच एक अन्य गंभीर घटना झेनैदाह जिले में हुई। यहां इस्लामिक यूनिवर्सिटी के करीब 35 छात्रों को लेकर जा रही डबल डेकर बस पर पेट्रोल बम फेंका गया। ‘दिगंता’ नाम की यह बस विश्वविद्यालय परिसर की ओर जा रही थी। इसी दौरान शैल्कूपा उपजिला के ड्रैगन बागान इलाके में अज्ञात हमलावरों ने बस को निशाना बनाया। हमले के समय बस में करीब 35 छात्र सवार थे। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। ढाका यूनिवर्सिटी में ही देशी बम धमाके की छह घटनाएं हुईं।


160 नए चेक प्वाइंट बनाए, 19 लोग गिरफ्तार

स्थिति को काबू में करने के लिए ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने राजधानी की अहम जगहों पर 160 नए चेक प्वाइंट बनाए और आगे की घटनाओं को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया। हाल ही में हुए धमाकों और हमलों के सिलसिले में पुलिस ने पिछले 24 घंटों में कम से कम 19 लोगों को गिरफ्तार किया है।