दिल्ली-हरियाणा में साफ रहेगा मौसम, हिमाचल समेत पहाड़ी राज्यों में इन दो दिनों में आंधी-तूफान का अलर्ट

नई दिल्ली। उत्तरी हरियाणा के ऊपर एक ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण (अपर-एयर साइक्लोनिक सर्कुलेशन) होने के बावजूद, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 16 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने के आसार है। वहीं इस सप्ताह के आखिर में पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और आंधी-तूफान आने का अनुमान है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को यह जानकारी दी। आईएमडी के सुबह बुलेटिन’ के अनुसार 10 नवंबर से 16 नवंबर तक सात दिनों की अवधि में हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

विभाग के मौसम विश्लेषण से पता चला है कि उत्तरी हरियाणा और आसपास के इलाकों में, समुद्र तल से 1.5 से 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक ‘अपर-एयर साइक्लोनिक सर्कुलेशन’ बना हुआ है। आईएमडी ने कहा, “उत्तरी हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में, समुद्र तल से 1.5 से 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर ‘अपर-एयर साइक्लोनिक सर्कुलेशन’ अभी भी मौजूद है।”

उत्तरी हरियाणा के इस सर्कुलेशन से पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ओर 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक ‘ट्रफ’ (हवा का कम दबाव वाला क्षेत्र) भी देखा गया है। इसके अलावा, मध्य राजस्थान और आसपास के इलाकों में समुद्र तल से लगभग 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक और ‘अपर-एयर साइक्लोनिक सर्कुलेशन’ बना हुआ है। बुलेटिन में मध्य और ऊपरी क्षोभमंडल (ट्रोपोस्फीयर) में पश्चिमी हवाओं के बीच एक पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) को भी एक ‘ट्रफ’ के रूप में पहचाना गया है।


आईएमडी ने इन वायुमंडलीय प्रणालियों के बावजूद हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के लिए इन सात दिनों के दौरान बारिश का कोई पूर्वानुमान नहीं दिया है और न ही भारी बारिश या आंधी-तूफान की कोई चेतावनी जारी की है। हालांकि, पड़ोसी राज्य पंजाब में 12 से 15 नवंबर के बीच कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। विभाग के सात दिनों के विस्तृत पूर्वानुमान के अनुसार, 16 नवंबर को भी कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है।

हिमाचल प्रदेश में 10 से 15 नवंबर के बीच कहीं-कहीं बारिश होने के आसार है और 16 नवंबर को भी कुछ स्थानों पर बारिश का अनुमान जताया गया है। हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में बारह और 13 नवंबर को आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। जिनकी गति कभी-कभी 50 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है।

आईएमडी ने जम्मू-कश्मीर और लद्दाख क्षेत्र में मौसम के और अधिक सक्रिय होने का अनुमान जताया है, जहां 12 और 13 नवंबर को काफी बड़े हिस्से में बारिश होने की उम्मीद है। इन दो दिनों के दौरान कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है। 12 और 13 नवंबर को, और फिर 15 और 16 नवंबर को, कुछ इलाकों में आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जिनकी गति 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। उत्तराखंड में 12 और 13 नवंबर को कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है।

देश के अन्य हिस्सों की बात करें तो आईएमडी ने 10 से 14 नवंबर के बीच अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में, और 11 नवंबर को नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कुछ जगहों पर भारी बारिश का अनुमान जताया है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 10, 15 और 16 नवंबर को कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।

विभाग ने चेतावनी दी है कि प्रभावित क्षेत्रों में भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण खड़ी फसलों और कमजोर ढांचों को नुकसान पहुंच सकता है, भूस्खलन (लैंडस्लाइड) हो सकता है, जलभराव की स्थिति बन सकती है, और सड़क तथा रेल यातायात बाधित हो सकता है। भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी वाले इलाकों में लोगों को सलाह दी गई है कि वे मौसम से जुड़े अपडेट पर नजर रखें, बिजली कड़कने के दौरान पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचें और जरूरी सावधानियां बरतें।