नई दिल्ली। दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ इलाकों में सोमवार तड़के बहुत घना कोहरा देखा गया। वहीं भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने इन तीनों क्षेत्रों में 15 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है। हालांकि एक नया पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) आ रहा है, जिससे उत्तर-पश्चिमी भारत के कुछ हिस्सों में बारिश और आंधी-तूफान आने की संभावना है। IMD के सुबह जारी मौसम बुलेटिन के अनुसार सुबह 5:30 बजे हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली क्षेत्र के कुछ हिस्सों में बहुत घना कोहरा दर्ज किया गया। इसके अलावा, इस क्षेत्र की कुछ अन्य जगहों पर मध्यम कोहरा भी देखा गया।
पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाया रहा, जबकि पंजाब में कुछ जगहों पर और उत्तराखंड के ज्यादातर हिस्सों में हल्का कोहरा देखा गया। विभाग के सात दिनों के बारिश के पूर्वानुमान के मुताबिक 9 से 15 नवंबर तक दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। साथ ही, उत्तर-पश्चिमी भारत के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। हालांकि आईएमडी ने बताया कि 10 नवंबर से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है जिसके कारण कई उत्तरी राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान आ सकते हैं।
आईएमडी ने अपने बुलेटिन में कहा, “10 नवंबर से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है।” इसके प्रभाव से 10 और 11 नवंबर को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में कहीं-कहीं बारिश होने का अनुमान है, जबकि 12 और 13 नवंबर को यहां काफी व्यापक बारिश हो सकती है। विभाग ने 12 नवंबर को इस क्षेत्र में कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। 10 से 15 नवंबर के बीच कुछ जगहों पर आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिनकी गति 60 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है।
हिमाचल प्रदेश में 11 से 15 नवंबर के बीच कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है, साथ ही 12 और 13 नवंबर को कुछ जगहों पर आंधी-तूफान और बिजली गिरने के आसार हैं। पंजाब में 12 से 15 नवंबर के बीच कहीं-कहीं बारिश हो सकती है, जबकि उत्तराखंड में 9 और 10 नवंबर को, और फिर 13 से 15 नवंबर के बीच बारिश होने की संभावना है।
आईएमडी के अनुसार, उत्तरी हरियाणा और आसपास के इलाकों में समुद्र तल से लगभग 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा, उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और पड़ोसी क्षेत्रों में भी समुद्र तल से लगभग 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक और चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। विभाग ने इन वायुमंडलीय प्रणालियों के बावजूद अगले सात दिनों के दौरान दिल्ली, हरियाणा या चंडीगढ़ में बारिश का कोई पूर्वानुमान नहीं जताया है। इसके अलावा 9 और 10 नवंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 9 से 13 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने 11 नवंबर को नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कुछ जगहों पर भारी बारिश का अनुमान जताया है। आईएमडी ने बताया कि अगले कुछ दिनों में पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जबकि देश के बाकी हिस्सों में तापमान में कोई खास बदलाव होने की उम्मीद नहीं है।