क्यों लिखनी पड़ी सोनिया गांधी को ‘बिलॉन्गिंग- अ जर्नी ऑफ लव’, विमोचन पर खुद बताई पूरी कहानी

‘बिलॉन्गिंग- अ जर्नी ऑफ लव’ के विमोचन पर बोलीं सोनिया, निजी जीवन को सार्वजनिक चर्चा से दूर रखने के कारण संस्मरण लिखना कठिन था

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली

कांग्रेस संसदीय दल (सीपीपी) की अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकक्षा ‘बिलॉन्गिंग- अ जर्नी ऑफ लव’ का सोमवार को औपचारिक विमोचन हुआ। सोनिया गांधी ने कार्यक्रम में किताब लिखने के पीछे की वजह बताई। सोनिया गांधी ने कहा कि उन्होंने यह किताब इसलिए लिखी, क्योंकि उनके परिवार के बारे में वर्षों से बहुत कुछ गलत कहा गया, जिसमें से काफी बातें उनके मुताबिक वास्तविकता से दूर थीं। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उनकी सास इंदिरा गांधी, पति राजीव गांधी और बेटे राहुल गांधी के बारे में भी कई ऐसी बातें कही गईं, जो सही नहीं थीं। लोगों के सामने अपने परिवार और अपने जीवन का पक्ष रखने की इच्छा ही इस किताब को लिखने की बड़ी वजह बनी। इससे पहले भी सोनिया गांधी ने कहा था कि वह अपने परिवार को वैसे पेश करना चाहती थीं, जैसे उन्होंने उन्हें देखा और जाना। उन्होंने बताया कि शुरुआत में उनके लिए अपनी निजी जिंदगी के बारे में लिखना आसान नहीं था। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने उन्हें किताब लिखने के लिए प्रेरित किया। लंबे समय तक अपने निजी जीवन को सार्वजनिक चर्चा से दूर रखने के कारण संस्मरण लिखना उनके लिए कठिन था, लेकिन धीरे-धीरे उन्हें लगा कि अपनी कहानी अपने शब्दों में कहना जरूरी है।


उन्होंने पुस्तक को राजनीतिक किताब के बजाय एक व्यक्तिगत संस्मरण बताया है, जिसमें राजनीति, पृष्ठभूमि की तरह मौजूद है। किताब को मिली प्रतिक्रिया पर सोनिया गांधी ने कहा कि लोगों ने जिस तरह स्नेह और अपनापन दिखाया है, उससे वह अभिभूत हैं। उन्होंने कहा कि पाठकों की टिप्पणियों, किताब खरीदने में दिखाई गई दिलचस्पी और आलोचकों की प्रतिक्रियाओं ने भी उन्हें छुआ है। सोनिया गांधी ने आलोचना को जरूरी बताते हुए कहा कि कुछ टिप्पणियां काफी तीखी या खराब स्वाद वाली होती हैं, जबकि कुछ आलोचनाएं वास्तविक और ईमानदार होती हैं, जिनमें लोग साफ तौर पर बताते हैं कि उन्हें क्या सही लगा और क्या नहीं। सोनिया ने कहा कि ज्यादा से ज्यादा युवाओं को आगे आकर राजनीति ज्वाइन करनी चाहिए। वे हमारे देश का भविष्य हैं। उन्हें अपनी आवाज बुलंद करनी चाहिए। सोनिया गांधी ने राजीव के जाने के बाद राजनीति के शुरुआती दिनों के बारे में बताया कि मुझसे कहा जाता था कि आप यहां की नहीं हैं, आपको कुछ नहीं पता। हम यहां रहते हैं, हम जानते हैं। 2004 में जब मैं काफी वोटों से चुनाव जीती, तब जाकर लोगों की राय बदली।

राहुल बोले, जहां माता-पिता मिले, वहां गर्लफ्रेंड के साथ गया

राहुल गांधी ने बताया कि मेरे माता-पिता को लेकर कई तरह की कहानियां और किस्से प्रचलित थे। उनमें से एक मशहूर कहानी यह थी कि उनकी मुलाकात कैंब्रिज के वर्सिटी रेस्टोरेंट में हुई थी। कई साल बाद एक बार मैं कैंब्रिज गया हुआ था। उस समय मेरी गर्लफ्रेंड भी मेरे साथ थी। मैंने उससे कहा कि चलो वर्सिटी रेस्टोरेंट चलते हैं। मैंने वहां जाकर मम्मी-पापा के बारे में पूछा। काफी समय गुजरने के बाद भी वे लोग उन्हें जानते थे।

विपक्ष के बड़े नेताओं संग कैप्टन अमरिंदर भी रहे मौजूद

‘बिलॉन्गिंग-अ जर्नी ऑफ लव’ के विमोचन कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की पत्नी गुरशरण कौर और भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह भी मौजूद रहे। विमोचन कार्यक्रम में विपक्ष के कई बड़े नेता पहुंचे हैं। इनमें तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी शामिल हैं। हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार भी कार्यक्रम में मौजूद थे। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव अपनी पत्नी डिंपल यादव के साथ मौजूद रहे।