हिमानी-निकिता का धमाल

हिमानी-निकिता का धमाल अमरेंद्र-सावन भी कमाल

मेरठ में खूब चमके चमके हिमाचली धावक

ऊना, जोगिंद्रनगर— मेरठ में चल रही 28वीं उत्तर भारतीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में हिमाचल के एथलीट खिलाडि़यों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। प्रतियोगिता के पहले ही दिन प्रदेश के खिलाडि़यों ने अब तक पुरुष वर्ग में तीन गोल्ड मेडल, महिला वर्ग में एक सिल्वर मेडल, एक ब्राउंज मेडल जीता है। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी नेशनल प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। विजेता खिलाडि़यों का चयन नेशनल प्रतियोगिता के लिए किया गया है। अभी प्रतियोगिता के तहत कई मुकाबले होंगे। अभी तक और मेडल आने की संभावना भी है। उत्तर भारतीय महिला और पुरुष वर्ग की प्रतियोगिता का आयोजन 21 फरवरी से 22 तक किया जाएगा। स्पर्धा के पहले दिन पुरूष वर्ग की 400 मीटर दौड़ में ऊना होस्टल के खिलाड़ी अमरेंद्र पाल  ने गोल्ड मेडल जीता है। इसके अलावा 1500 व 5000 मीटर दौड़ में जोगिंद्रनगर के सावन भरवाल ने दो गोल्ड मेडल जीतकर प्रदेश का नाम चमकाया है। महिला खिलाडि़यों ने भी बेहतर प्रदर्शन किया है। जोगिंद्रनगर की हिमानी ने 15 सौ मीटर दौड़ में रजत मेडल, जोगिंद्रनगर की निकिता राणा ने 15 सौ मीटर दौड़ में कांस्य मेडल जीता है।