हमीरपुर के गौरव न्यूजीलैंड में लड़ेंगे चुनाव

लेबर पार्टी ने ऑकलैंड शहर के हेमिल्टन साउथ संसदीय क्षेत्र से उतारे मैदान में

हमीरपुर — न्यूजीलैंड में प्रस्तावित पार्लियामेंट चुनावों के लिए लेबर पार्टी ने हमीरपुर के युवा चेहरे को अपना प्रत्याशी बनाया है। विपक्षी दल लेबर पार्टी ने ऑकलैंड शहर के हेमिल्टन साउथ संसदीय क्षेत्र से गौरव शर्मा को टिकट दिया है। हमीरपुर जिला मुख्यालय से 22 किलोमीटर दूर हड़ेटा गांव के गौरव शर्मा न्यूजीलैंड के चर्चित छात्र नेता रहे हैं। पेशे से डाक्टर गौरव शर्मा ने यूएसए से एमबीए करने के बाद ऑकलैंड के सरकारी अस्पताल में अपनी सेवाएं देना आरंभ की हैं। वर्ल्ड हैल्थ आर्गेनाइजेशन में सबका आकर्षण बने 30 साल के गौरव शर्मा को लेबर पार्टी ने महत्त्वपूर्ण सिटी से टिकट दिया है। जाहिर है कि सितंबर माह में न्यूजीलैंड की 52वीं संसद के लिए चुनाव होगा। कुल 120 सीटों वाली संसद के लिए मुख्य मुकाबला नेशनल तथा लेबर पार्टी के बीच होगा। ‘दिव्य हिमाचल’ से दूरभाष पर बातचीत में गौरव शर्मा ने बताया कि वह सातवीं कक्षा में धर्मशाला में आधुनिक पब्लिक स्कूल में पढ़ते थे। उसी दौरान पिता गिरधर शर्मा बिजली बोर्ड में धर्मशाला में एक्सईएन थे। ऐच्छिक सेवानिवृत्ति लेने के बाद गिरधर शर्मा अपने पत्नी और बेटे को लेकर न्यूजीलैंड चले गए। लंबा संघर्ष करने के बाद गिरधर शर्मा को आस्टे्रलिया में भारी भरकम पैकेज के साथ कंपनी में नौकरी मिल गई। इसके दौरान गौरव शर्मा ने अपनी बाकी शिक्षा और एमबीबीएस ऑकलैंड शहर में पूरी की। छात्र राजनीति में सक्रिय रहे गौरव शर्मा ऑकलैंड शहर का चर्चित चेहरा बन गया। वह सामाजिक सरोकारों में भी भरपूर सहयोग करने लगे। इसी के चलते विश्व स्वास्थ्य संगठन के साथ जुड़कर उन्होंने कई बेहतर कार्य किए। इसके बाद गौरव शर्मा एमबीए के लिए अमरीका चले गए। पढ़ाई पूरी करने के बाद ऑकलैंड लौटते ही गौरव को सरकारी अस्पताल में नौकरी मिल गई। इसके तुरंत बाद लेबर पार्टी ने उन्हें हेमिल्टन वेस्ट से चुनावी रण में उतार दिया है। गौरव शर्मा की बुआ तथा फूफा हमीरपुर शहर के हाउसिंग बोर्ड कालोनी में रहते हैं। बाकी सारा परिवार हड़ेटा गांव में रहता है। हालांकि गौरव के माता-पिता अब आस्टे्रलिया में हैं। गौरव के फूफा पीएल शर्मा ने बताया कि हमारे लिए यह सबसे बड़ा गौरव है। उनका कहना है कि तीस साल की उम्र में लेबर पार्टी का न्यूजीलैंड में प्रत्याशी बनना भविष्य के लिए शानदार संकेत हैं।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !