राजस्थान में नवाजे जाएंगे हरिमन

देश के 52 किसानों-बागबानों में बिलासपुर के सेब उत्पादक का भी नाम

बिलासपुर— हिमाचल का सेब उत्पादक हरिमन शर्मा अब राजस्थान में इनाम पाएगा। पैसिफिक यूनिवर्सिटी उदयपुर में 18 व 19 फरवरी को आयोजित किए जा रहे राष्ट्रीय मंथन व सम्मान समारोह में देश भर में चयनित 52 किसान वैज्ञानिक सम्मानित किए जाएंगे। प्रदेश से बिलासपुर के हरिमन शर्मा का चयन हुआ है और उन्हें उदयपुर यूनिवर्सिटी की डीन प्रो. महिमा बिड़ला की ओर से निमंत्रण पत्र भेजा गया है। पत्र में कहा गया है कि पैसिफिक विश्वविद्यालय उदयपुर द्वारा भारतीय किसान संघ के सहयोग से दो दिवसीय किसान वैज्ञानिकों का राष्ट्रीय मंथन और सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है। इसमें डा. महेंद्र मधुप द्वारा रचित पुस्तक प्रयोगधर्मी किसान का लोकार्पण किया जाएगा। प्रगतिशील बागबान हरिमन शर्मा गर्म बिलासपुर में सेब की पौध उगाकर देश भर में विख्यात हो चुके हैं। अब तक जिला, राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर कई पुरस्कारों से नवाजे जा चुके हैं। उनके द्वारा उत्पादित सेब की एचआरएमएन-99 वैरायटी देश के 29 राज्यों में महक बिखेर रही है। देश के 29 राज्यों में 225 किसानों को 7000 पौधे दिए हैं। दयानंद पाटिल कोल्हापुर महाराष्ट्र को 800 प्लांट, रामकर्ण भजनगढ़ राजस्थान को 1000 प्लांट, मनीष राठौर महाराष्ट्र को 5400 प्लांट, महेश गुजरात को 400 प्लांट, तरंजन चौधरी माड़मरे राजस्थान 300 प्लांट, प्रहलाद सिंह सामली यूपी को 210 प्लांट, प्रफुल पटेल को अहमदाबाद 500 प्लांट, मुकेश पंचाल अहमदाबाद को 800 प्लांट और नेपाल को 300 प्लांट तथा कुरियर के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों को डिमांड के अनुसार प्लांट भेजे गए हैं। दिल्ली में राष्ट्रपति की बगिया में भी हरिमन का सेब महक रहा है। इसी की बदौलत राष्ट्रपति के कर कमलों से भी हरिमन शर्मा नवाजे जा चुके हैं। हरिमन शर्मा ने पनियाला स्थित अपने बगीचे में सेब के 35000 पौधे लगाए हैं।

दिल्ली में देंगे लेक्चर

हरिमन इंडियन एग्रीकल्चर रिसर्च इंस्टीच्यूट दिल्ली में बीएससी, एमएससी और पीएचडी के स्टूडेंट्स की पाठशाला लगाएंगे। इस बाबत उन्हें इंस्टीच्यूट की ओर से अधिकृत किया गया है। हर वर्ष एक माह तक दिल्ली में रहेंगे और छात्रों को रोज एक घंटा सेब पर आधारित लेक्चर देंगे।