खाद्यान्न वृद्धि पर हिमाचल को कृषि कर्मण्य पुरस्कार

नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिया सम्मान, पांच साल में 14.94 से 16.40 लाख टन हुआ उत्पादन

शिमला— खाद्यान उत्पादन में सराहनीय वृद्धि के लिए हिमाचल प्रदेश को वर्ष 2015-16 के लिए कृषि कर्मण्य पुरस्कार मिला है। इस पुरस्कार को प्रदेश के कृषि मंत्री डा. रामलाल मार्कंडेय ने शनिवार को दिल्ली में आयोजित एक समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्राप्त किया। पुरस्कार में एक ट्राफी, प्रशस्ति पत्र और पांच करोड़ की पुरस्कार राशि दी गई है।  इसके अतिरिक्त प्रदेश के दो प्रगतिशील किसानों, जिनमें एक महिला किसान भी हैं, को भी पुरस्कृत किया गया। अतिरिक्त मुख्य सचिव (कृषि) डा. श्रीकांत बाल्दी ने प्रदेश में खाद्यान उत्पादन में हासिल की गई इस विशिष्ट उपलब्धि के लिए कृषि विभाग को बधाई दी है। प्रदेश में पिछले पांच सालों में कुल खाद्यान उत्पादन 14.94 लाख टन से 16.40 लाख टन हो गया है। इसके अलावा विभाग ने पॉलीहाउस खेती, फसल विविधिकरण, सूक्ष्म सिंचाई, जैविक खेती और मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए भी सराहनीय कार्य किया है। कृषि कर्मण्य पुरस्कार वर्ष 2010-11 से कृषि मंत्रालय द्वारा धान, गेहूं, मोटा अनाज, दालों, और कुल खाद्यान के उत्पादन में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले राज्यों को पुरस्कृत करने हेतु शुरू किया गया है। इससे पहले भी कृषि विभाग को वर्ष 2011-12 में गेहूं की उत्पादकता बढ़ाने के लिए व वर्ष 2014-15 में खाद्यान उत्पादन में सराहनीय बढ़ोतरी के लिए कर्मण्य पुरस्कार प्राप्त हो चुका है।