प्रिया, कनिका हाकी इंडिया में

प्रदेश के मंडी-पांवटा की बेटियां अब बंगलूर में लेंगी प्रशिक्षण

मंडी – हिमाचल प्रदेश की दो महिला हाकी खिलाड़ी हाकी इंडिया की ओर से राष्ट्रीय टीम हेतु चयनित हुई हैं। प्रदेश की दोनों खिलाडि़यों को हाकी इंडिया द्वारा आयोजित किए जा रहे प्रशिक्षण शिविर के लिए चयनित किया गया है। हाकी हिम अकादमी के सचिव वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि हाकी इंडिया के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर आरके श्रीवास्तव ने प्रिया व कनिका राज के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में चयन की सूचना दी है। दोनों हाकी खिलाडि़यों का आठ मई तक बंगलूर में लगने जा रहे सीनियर वूमन कोचिंग कैंप के लिए चयन हुआ है। उक्त कैंप में देशभर समस्त राज्यों  से करीब 60 महिला खिलाडि़यों भी भाग लेगी। इनमें से दस दिन के बाद 48 को टीम के लिए रखा जाएगा। चयनित महिला खिलाडि़यों में से प्रिया मंडी जिला के लेदा की रहने वाली है, जो इन दिनों पटियाला में प्रशिक्षण ले रही हैं, जबकि पांवटा की कनिका राज एसएसबी में नौकरी कर रही हैं। दोनों ही खिलाड़ी हाकी हिम की सदस्य रही हैं। दोनों खिलाड़ी पढ़ाई के अलावा खेल स्पर्धा में सदैव आगे रही हैं। हाकी हिम के सचिव वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के लिए हिमाचल की खिलाडि़यों का चयन एक बड़ी उपलब्धि है। ऐसा पहली बार हुआ है और ये खिलाड़ी अब अपने दमखम के आधार भारतीय महिला हाकी टीम की सदस्य बनेंगी। उन्होंने हाकी हिम की ओर से इन दोनों खिलाडि़यों को शुभकामनाएं दी हैं। सचिव के अनुसार दोनों ही महिला खिलाड़ी प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के लिए बंगलूर पहुंच गई हैं। उन्होंने बताया कि दोनों खिलाड़ी प्रशिक्षण कैंप में शानदार प्रदर्शन करके भारतीय हाकी टीम के लिए चयनित होंगी।

अपने सपनों के जीवनसंगी को ढूँढिये भारत  मैट्रिमोनी पर – निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!