‘डूगे नालुए’ को 78 लाख व्यूज

धर्मशाला— साल 2008 से हिमाचली गीत-संगीत की दुनिया में कदम रखने वाले लोक गायक विक्की राज्टा का ‘डूगे नालुए’ हिमाचल का सबसे बड़ा हिट गीत बन गया है। इस गीत को सोशल मीडिया पर अब तक 78 लाख व्यूज मिल चुके हैं। गीत ने यू-ट्यूब के साथ ही फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप पर खूब धूम मचाई है। विक्की राज्टा का कहना है कि वह हिमाचल इंडस्ट्री को नई ऊंचाई पर पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे। उन्होंने सरकार व प्रशासन से कलाकारों का सहयोग करने को कहा है। शिमला के कोटखाई के रहने वाले विक्की राज्टा का जन्म स्वर्गीय मोती लाल राज्टा और माता शाम्मी देवी के घर हुआ। विक्की राज्टा की माता शाम्मी देवी पारंपरिक गीतों को गाती थीं, जिससे विक्की भी हिमाचली गीतों को गाने के लिए प्रेरित हुए। स्कूल की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पहली बार गाना गाया, जिससे उनके अध्यापक सुरजीत सिंह बहुत अधिक प्रभावित हुए। उन्होंने ही विक्की को आगे भी गाना गाने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद 2008 से विक्की राज्टा ने हिमाचली नाटी पर गीत रिलीज किए, लेकिन वे इतने हिट नहीं हुए। 2015 में उनके गीत ‘नीलमोनिया’ को अप्पर हिमाचल में खूब पसंद किया गया। इसके बाद विक्की राज्टा ने हिमाचली कल्चर को समझते हुए पारंपरिक चीजों को मार्डन तरीके से पेश करने की योजना बनाई। अब उनका ‘डूगे नालुए’ गीत शिमला से लेकर कांगड़ा-चंबा तक हर जिला में डीजे पर खूब बज रहा है।

कलाकारों को पहचान दिला रहा ‘दिव्य हिमाचल’

‘दिव्य हिमाचल’ से विशेष बातचीत में हिमाचली गायक विक्की राज्टा ने कहा कि प्रदेश के कलाकारों का साथ देने में मीडिया ग्रुप अहम भूमिका निभा रहा है, जिससे कलाकारों को अलग पहचान मिल रही है। प्रदेश में सरकार और प्रशासन के उचित व्यवहार न मिलने से कलाकार निराश हो रहे हैं। यहां होने वाले मेलों-त्योहारों में हिमाचली कलाकारों की बजाय बाहरी राज्यों के कलाकारों को बुलाया जा रहा है। ऐसे में हिमाचली कलाकार अपने ही राज्य में पिछड़ रहे हैं। विक्की राज्टा ने ‘डूगे नालुए’ गीत को दिए जा रहे प्यार के लिए लोगों को आभार जताया।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!