धनेटा के मुकुल को देशभर में 326वां रैंक

कांगू— धनेटा क्षेत्र के कुसियार गांव के मुकुल शर्मा ने ऑल इंडिया इंस्टीच्यूट ऑफ मेडिकल साइंस में देशभर में 326वां रैंक हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। इससे पहले मुकुल ने नीट में भी 4993वां रैंक हासिल किया था। उन्होंने नीट में 99.9 फीसदी अंक प्राप्त किए थे। पेशे से मेकेनिक मुकुल के पिता दिल्ली में जॉब करते हैं, जबकि माता संरजना शर्मा गृहिणी हैं। इंजीनियरिंग के बजाय डाक्टरी का पेशा चुनने के बारे में मुकुल का कहना है कि उनके दादा स्व. जोहली राम समाजसेवा करते थे। लिहाजा लोगों की सेवा के लिए उन्होंने यही रास्ता सबसे उपयुक्त समझा। भदरूं पंचायत के पूर्व प्रधान व मुकुल के चाचा संजीव शर्मा ने बताया कि मुकुल की प्रारंभिक शिक्षा गीतांजलि पब्लिक स्कूल में हुई है। नादौन के पूर्व विधायक व भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री ने भी मुकुल को शुभकामनाएं दी हैं।