परवाणू में चूल्हा उद्योग स्वाह

परवाणू— परवाणू के सेक्टर-6 स्थित सन स्पार्क इंडस्ट्री में आधी रात को  आग लग गई। आग से कोई जानी  नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन चूल्हा उद्योग को करीब 50 लाख का नुकसान उठाना पड़ा है। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है। जानकारी अनुसार सन स्पार्क चूल्हा उद्योग शुक्रवार रात को बंद था। इस दौरान सिक्योरिटी गार्डों ने उद्योग के ऊपरी हिस्से में धुआं उठता देखा और इसकी सूचना कंपनी के मालिक को दी। तूफान के चलते आग ने देखते ही देखते पूरे उद्योग को अपनी चपेट में ले लिया। चूल्हा उद्योग के ऊपर वाले हिस्से में रखा कच्चा मैटेरियल, पैकेजिंग मैटीरियल, प्लास्टिक व गत्ता राख हो गया। इसके बाद आग निचले हिस्से में भी पहुंच गई।  आग लगने की सूचना दमकल विभाग को दी गई। विभाग के सहायक फायर अधिकारी कश्मीर सिंह ठाकुर के नेतृत्व में 10 फायर कर्मचारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद बद्दी-कालका फायर विभाग से कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। उद्योग में गैस के तीन सिलेंडरों को भी कर्मियों ने बाहर निकाला अन्यथा सिलेंडर फटने से  बड़ा नुकसान हो सकता था। फायर कर्मियों ने शनिवार सुबह सात बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया था। दमकल विभाग के सहायक अग्निशमन अधिकारी कश्मीर सिंह  ठाकुर ने बताया की आग लगने का मुख्य कारण बिजली उपकरणों में शार्ट सर्किट है। आग से कंपनी को 50 लाख रुपए  का नुकसान हुआ है।