सुनील शर्मा ने अमरीका में रचा इतिहास

हिमाचली मैराथनर ने खतरनाक डेथ वैली रेस पूरी कर लहराया तिरंगा

संगड़ाह— अमरीका के बैड वाटर से शुरू हुई डेथ वैली रन में सिरमौरी चीते के नाम से मशहूर धावक सुनील शर्मा ने गुरुवार को तिरंगा लहराया दिया है। दुनिया की खतरनाक रेस मानी जानी वाली डेथ वैली रन को पूरा करते ही हिमाचली स्टार सुनील चुनिंदा खिलाडि़यों की श्रेणी में पहुंच गए हैं। इससे पहले दूसरे दिन सुनील शर्मा 5.78 मील प्रति घंटे की गति से भागे। पहले दिन सुनील 4.55 मील प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़े। उन्होंने कैलिफोर्निया की डेथ वैली यानी बैड वाटर के जंगल से गुजर कर सुनील दुनिया के अन्य मैराथनर के साथ-साथ लोन पाइन के शुष्क एवं ठंडे मरुस्थल वाले इलाके पार किए। इसी के साथ ही सुनील शर्मा ने कड़ी मेहनत के बल पर 135 मील की इस मैराथन में हिमाचली डंका बजाया। सुनील शर्मा की स्पांसर कंपनी शुगलू के एमडी एलडी शर्मा अनुसार अमरीका में मौजूद सुनील शर्मा के प्रशंसक व कंपनी से जुड़े लोग उनके प्रर्दशन से उत्साहित है।