गेस्ट हाउस में ठगे रूसी सैलानी

धर्मशाला में संचालक 16 हजार लेकर रहने को कर रहा था मजबूर

धर्मशाला  – एक रूसी पर्यटक जोड़े को एक गेस्ट हाउस में ठगी का शिकार होकर खासा परेशान होना पड़ा। आलम यह था कि वह गेस्ट हाउस की मनमानी से सड़क पर आंसू बहा रहे थे। एक स्थानीय व्यक्ति की मदद से उन्हें पर्यटन विभाग के अधिकारी ने राहत प्रदान की। अब हालात को देखते प्रशासन पर्यटक हेल्प डेस्क खोलने की बात कर रहा है, ताकि यहां आने वाले देशी व विदेशी मेहमानों को ऐसे लोगों से बचाया जा सके। जानकारी के अनुसार रूसी दंपति पांच मार्च को मकलोडगंज पहुंचे थे। उन्होंने एक गेस्ट हाउस में चार दिन ठहरने की ऑनलाइन बुकिंग करवाई थी। जब उन्होंने कमरा दिखाने की बात की तो गेस्ट हाउस संचालक ने पूरी पेमेंट का दबाब बनाया। पेमेंट देने के बाद उन्होंने कमरा पसंद न होने की बात कही, तो संचालक ने पेमेंट लौटने से साफ इनकार कर दिया। विदेशी दपंति के पास अधिक धनराशी भी नहीं थी, ऐसे में परेशान दंपति सड़क पर बैठ कर आंसू बहा रहे थे कि एक व्यक्ति ने उनका पक्ष जानकर पर्यटन विभाग के अधिकारी संजय शर्मा को मामला बताया। इस पर उन्होंने तत्काल कार्रवाई करते हुए विदेशी मेहमानों की पूरी राशि लौटाई। होटल निरीक्षक संजय शर्मा ने कहा कि उन्हें एक स्थानीय व्यक्ति से सूचना मिली और उन्होंने दंपति की सहायता के लिए कार्रवाई की। साथ ही गेस्ट हाउस स्टाफ  को दंपति की सहायता के लिए निर्देशित किया गया।

सैलानियों के लिए बनाया जाएगा हेल्प डेस्क

उपायुक्त राकेश प्रजापति व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विमुक्त रंजन का कहना है कि उन्हें सूचना मिली है और आने वाले समय में ऐसे मामलों से बचने के लिए पर्यटक सहायता डेस्क बनाने का प्रयास किया जाएगा। पर्यटकों की सहायता करने और उन्हें पलायन से बचाने के लिए यह डेस्क पहाड़ी शहर के मुख्य स्थानों में स्थापित किए जाएंगे।