केजरीवाल ने एक हफ्ते के लिए सील किया दिल्ली बॉर्डर, केवल जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहनों और व्यक्तियों को जाने की परमिशन

नई दिल्ली – दिल्ली ने अपनी सारी सीमाएं अगले एक सप्ताह के लिए सील कर दी हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को इसका ऐलान किया। इस दौरान केवल जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहनों और व्यक्तियों को जाने की परमिशन होगी। सीएम ने दिल्ली की जनता से दो बिंदुओं पर राय भी मांगी है। एक ये कि क्या दिल्ली के बॉर्डर को बंद ही रखा जाए। और दूसरा कि दिल्ली में दूसरे राज्यों के लोगों के इलाज को रोका जाए या नहीं। केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि दिल्ली के अंदर कोरोना के मामले काफी बढ़ रहे हैं। यह चिंता की बात तो है मगर घबराने की बात नहीं है। दिल्ली के अंदर पिछले पांच साल में आप की सरकार ने अस्पतालों में खूब पैसा लगाया है। उन्होंने कहा कि दुनिया में जब स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा गई हैं, तो दिल्ली का मुख्यमंत्री विश्वास दिला रहा है कि आपके लिए बेड है। आपके लिए बेड का इंतजाम कर लिया गया है। मैंने तीन-चार दिन पहले कहा था दिल्ली में 21 सौ मरीज हैं, लेकिन 6600 बेड हैं। उन्होंने कहा कि जल्द साढ़े नौ हजार बेड का इंतजाम हो जाएगा। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने बॉर्डर खोलने पर आम जनता से राय मांगी है। उन्होंने कहा कि अगर बॉर्डर खोल दिए तो देश भर से लोग इलाज के लिए दिल्ली आते हैं। दो कारणों से आते हैं। एक तो दिल्ली की स्वास्थ्य सेवाएं सबसे अच्छी हैं। दूसरा लोग इसलिए दिल्ली आते हैं कि यहां सबकुछ मुफ्त है। जैसे ही हम बॉर्डर खोलेंगे, देशभर से लोग दिल्ली में इलाज के लिए आएंगे।