देश में टीकाकरण शुरू होते ही कितनी रही सक्रिय मामलों की दर, जानें यहां

नई दिल्ली — देश में कोरोना महामारी के खिलाफ टीकाकरण अभियान की शनिवार को शुरुआत हो गई, वहीं कोविड-19 को मात दे रहे लोगों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी से सक्रिय मामलों की दर महज दो फीसदी रह गई है तथा इससे होने वाली मौतों की दैनिक संख्या तीसरे दिन भी 200 से नीचे रही।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सुबह वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 3006 केंद्रों में टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। विश्व में यह अपनी तरह का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 15,158 नए मामले सामने आए, जिससे संक्रमितों की संख्या एक करोड़ पांच लाख 42 हजार से अधिक हो गई है।

इसी अवधि में 16,977 मरीज स्वस्थ हुए, जिसके साथ कोरोनामुक्त होने वालों की संख्या एक करोड़ एक लाख 79 हजार 715 हो गई और रिकवरी दर बढ़कर 96.56 प्रतिशत हो गई। सक्रिय मामले 1994 कम होकर 2.11 लाख रह गए हैं और इनकी दर दो फीसदी रह गई है। पिछले 24 घंटे के दौरान 175 मरीजों की जानें गई और मृतकों का आंकड़ा एक लाख 52 हजार 093 हो गया है। इससे पहले गुरुवार को 198 और शुक्रवार को 191 संक्रमितों की मौत हुई थी।

देश में मृत्यु दर अभी 1.44 फीसदी है। केरल में पिछले 24 घंटों के दौरान सर्वाधिक 998 सक्रिय मामले बढ़े और इनकी संख्या 67,711 हो गई है। कोरोना महामारी से अब तक हरियाणा में 2979, राजस्थान में 2744, जम्मू-कश्मीर में 1920, उत्तराखंड में 1602, असम में 1066, झारखंड में 1049, हिमाचल प्रदेश में 963, गोवा में 753, पुड्डुचेरी में 640, त्रिपुरा में 391, मणिपुर में 365, चंडीगढ़ में 330, मेघालय में 144, सिक्किम में 130, लद्दाख में 128, नागालैंड में 88, अंडमान निकोबार द्वीप समूह में 62, अरुणाचल प्रदेश में 56, मिजोरम में नौ तथा दादर-नागर हवेली एवं दमन-दीव में दो लोगों की मौत हुई है।