चंडीगढ़ को एक करोड़ इनाम, साइकिल फॉर चेंज अभियान में 11 प्रमुख शहरों में बनाई जगह

चंडीगढ़, 29 जुलाई(मुकेश संगर)

केंद्र सरकार के स्मार्ट सिटी मिशन के तहत चलाए जा रहे साइकिल फॉर चेंज अभियान को लेकर चंडीगढ़ देश के प्रमुख 11 शहरों में चुना गया है। आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में चंडीगढ़ को एक करोड़ रुपए का पुरस्कार मिला है। मंत्रालय के सचिव दुर्गाशंकर मिश्रा ने यह पुरस्कार स्मार्ट सिटी चंडीगढ़ के सीईओ और नगर निगम के आयुक्त कमल किशोर यादव और जीएम एनपी शर्मा को ऑनलाइन सौंपा।

स्मार्ट सिटी के सीईओ कमल किशोर यादव ने बताया कि इंस्टीच्यूट फॉर ट्रांसपोर्टेशन एंड डिवेलपमेंट योजना के तहत देशभर में सर्वे कराया गया था। लॉकडाउन के दौरान चंडीगढ़ में साइकिल के प्रयोग में 65 प्रतिशत की वृद्धि पाई गई थी। इसी के तहत केंद्र ने जून 2020 में साइकिल फॉर चेंज प्रतियोगिता शुरू की। इसमें देश के 107 शहरों को शामिल किया गया। प्रतियोगिता के अंतर्गत साइकिल चलाने के लिए बुनियादी ढांचों को कम लागत में लागू करना मुख्य उद्देश्य था। योजना के अंतर्गत स्मार्ट सिटी की ओर से लोगों को जागरूक किया गया। इसमें आरडब्ल्यूए और युवाओं को भी शामिल किया गया। साथ ही 25 डॉकिंग से 125 साइकिलें चलाई गईं। प्रतियोगिता के अंतर्गत चंडीगढ़ ने दूसरे चरण में प्रवेश करते हुए प्रमुख 25 शहरों में अपना स्थान बनाया। उसके बाद मंत्रालय ने प्रमुख 11 शहरों की सूची जारी की, जिसमें चंडीगढ़ को भी शामिल किया गया। स्मार्ट सिटी के जीएम एनपी शर्मा ने बताया कि शहर में 200 किमी का साइकिल ट्रैक बिछाया जा चुका है। पब्लिक बाइक शेयरिंग प्रोजेक्ट के अंतर्गत जल्द 155 डॉकिंग स्टेशन से 1250 साइकिलचलाई जाएंगी।

ऑनलाइन सौंपा चेक

मंत्रालय के सचिव दुर्गाशंकर मिश्रा ने यह पुरस्कार स्मार्ट सिटी चंडीगढ़ के सीईओ और नगर निगम के आयुक्त कमल किशोर यादव और जीएम एनपी शर्मा को ऑनलाइन सौंपा।