नहीं मिली होमगार्ड के पेट में लगी गोली

चंडीगढ़, 30 नवंबर(ब्यूरो)

चंडीगढ़ पुलिस विभाग के तैनात होमगार्ड के पेट में लगी गोली गुम हो गई है। 10 दिन से अस्पताल में भर्ती होमगार्ड प्रकाश नेगी का उपचार जारी है। वहीं, डॉक्टरों के लिए पेट में फंसी गोली ढूंढना हैरत की बात हो गई है। अभी तक पेट में फंसी गोली को नहीं निकाला गया है। पेट में गोली लगने के बाद होमगार्ड प्रकाश सिंह नेगी का डॉक्टरों की टीम ने एक ऑपरेशन भी किया, लेकिन पेट में गोली मिली ही नहीं। गौरतलब हो कि इंडस्ट्रियल एरिया फेस.1 से सेक्टर 29 की तरफ जाती सड़क पर युवती अपराजिता के साथ गन प्वाइंट पर लूट की वारदात हुई थी। इसके बाद अगले दिन एरिया में पैट्रोलिंग बढ़ाई गई थी। इसी दौरान एरिया में संदिग्ध युवक को देखे जाने की मिली गुप्त सूचना के आधार पर सरकारी गाड़ी में दो कांस्टेबल और होमगार्ड वालंटियर संदिग्ध आरोपित को दबोचने के लिए जंगल एरिया में उसका पीछा करने लगे। इसी दौरान आरोपित ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और गोली होमगार्ड प्रकाश नेगी के पेट में लगी थी। हालांकि अब इस मामले में पुलिस आरोपित को दबोचने में लगी है।