महिलाएं हमारे घर की सुपरहीरो, सीएमए-एसडी कालेज ने महिला दिवस के उपलक्ष्य में लगाया सेमिनार

चंडीगढ़, 6 मार्च (ब्यूरो)

चंडीगढ़ मैनेजमेंट एसोसिएशन और एसडी कालेज सेक्टर-32 की ओर से कालेज के मिनी ऑडिटोरियम में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में सेमिनार लगाया गया। सेमिनार में सीएमए के पूर्व प्रेजिडेंट्स, लाइफ मेंबर्स और एसडी कालेज के छात्रों व फैकल्टी ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट की पूर्व जज और राज्य उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग पंजाब की प्रेजिडेंट जस्टिस दया चौधरी मुख्यातिथि थीं। कार्यक्रम का थीम ‘सशक्त नारी, सशक्त समाज था। इस अवसर पर एक्सपर्ट स्पीकर डायटिशियन प्रियंका बांकेरिका थीं। जस्टिस दया चौधरी ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाकर हम समाज को सशक्त बनाते हैं।

जस्टिस दया चौधरी ने आगे कहा कि महिला सशक्तिकरण शब्द का अर्थ समाज में पुरुषों और महिलाओं के बीच असमानताओं को दूर करने के समान अधिकार के साथ शिक्षा, रोजगार और निर्णय लेने में महिलाओं को सशक्त बनाना है। चंडीगढ़ मैनेजमेंट एसोसिएशन के प्रेजिडेंट डा. दीपक जिंदल ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने का उद्देश्य महिलाओं को वही अधिकार देना है, जो पुरुषों को मिलता है। इसके लिए महिला सशक्तिकरण राजनीतिक मामलों में भी भागीदारी की समान शक्ति देगा। इससे पहले डायटिशियन प्रियंका बांकेरिका ने अपने संबोधन में कहा कि स्वस्थ महिलाएं ही स्वस्थ समाज की आधारशिला हैं। महिलाएं हमारे घरों की असली सुपरहीरो होती हैं। कार्यक्रम में मंच का संचालन सीएमए के महासचिव मनीष अग्रवाल ने किया।