HP Election-2022: मंडी में भाजपा ने काटे 5 के टिकट, पूर्ण, दिलीप, रजत, दीप, राणा नए चेहरे

अमन अग्रिहोत्री—मंडी

मंडी। जिला मंडी की 10 सीटों पर भाजपा के प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। जिला में भाजपा ने 5 सीटों पर बदलाव किया है। पांच सीटों पर नए चेहरों को भाजपा ने मैदान में उतारा है। मंडी जिला में भाजपा ने धर्मपुर से महेंद्र सिंह ठाकुर के पुत्र रजत ठाकुर को अपना प्रत्याशी बनाया है। रजत ठाकुर अपना पहला चुनाव धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र से लड़ेंगे। इसी तरह दूसरा बदलाव करते हुए भाजपा ने सरकाघाट से दिलीप ठाकुर को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। दिलीप ठाकुर भाजपा सुंदरनगर संगठनात्मक जिला के अध्यक्ष भी हैं और उन्हें पहली बार भाजपा ने टिकट दिया है।

इसी तरह से तीसरा बदलाव करते हुए भाजपा ने करसोग से हीरालाल की जगह दीप राज बंथल को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। दीप राज कपूर भी पहला चुनाव लड़ेंगे। भाजपा ने विधानसभा क्षेत्र द्रंग से भी इस बार टिकट बदला है। यहां से जवाहर ठाकुर का टिकट काटा गया है और पूर्ण चंद ठाकुर को भाजपा को प्रत्याशी बनाया है। पूर्ण चंद ठाकुर पिछले चुनाव में कांग्रेस से बागी होकर चुनाव लड़े थे और 7000 से अधिक वोट लेने में सफल रहे थे, जिसकी वजह से जवाहर ठाकुर ने कौल सिंह ठाकुर को हराने में सफलता प्राप्त की थी, लेकिन इस बार भाजपा ने द्रंग विधानसभा क्षेत्र में जवाहर ठाकुर का पत्ता काट दिया है। इसी तरह से जोगिंद्रनगर से भाजपा ने प्रकाश राणा को टिकट दिया है। पिछली बार भाजपा ने जोगिंद्रनगर से पूर्व मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर को टिकट दिया था, लेकिन वह प्रकाश राणा से चुनाव हार गए थे।

प्रकाश राणा ने कुछ महीने पहले ही भाजपा में शामिल हुए थे और उन्हें टिकट मिलना पहले ही तय माना जा रहा था, वहीं भाजपा ने सदर से अनिल शर्मा को अपना प्रत्याशी बनाया है। सराज से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मैदान में हैं। इसी तरह से बल्ह से इंदर सिंह गांधी का टिकट भाजपा ने बरकरार रखा है। हालांकि यहां पर भी टिकट बदलने की अटकलें काफी थी, लेकिन भाजपा ने फिर से इंद्र सिंह गांधी पर ही भरोसा जताया है। नाचन से विनोद ठाकुर अपना तीसरा चुनाव लड़ेंगे। उन्हें भी भाजपा ने टिकट दिया है और सुंदरनगर से भाजपा के प्रदेश महामंत्री और वर्तमान विधायक राकेश जमवाल भाजपा के प्रत्याशी होंगे भाजपा ने आज सुबह ही प्रदेश की 68 सीटों में से 62 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा की है।