HP Election-2022: मल्लिकार्जुन को तोहफे में देंगे हिमाचल की जीत, अलका लांबा का दावा

विशेष संवाददाता—शिमला

शिमला। कांग्रेस मीडिया प्रभारी अलका लांबा ने कहा है कि मल्लिकार्जुन खडग़े कांग्रेस को नई दिशा की ओर लेकर जाएंगे। मौजूदा जरूरतों को ध्यान में रखते हुए वह पार्टी को संगठित करने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आगामी लोकसभा चुनाव में उनके नेतृत्व का लाभ मिलेगा।

अलका लांबा ने कहा कि कांग्रेस ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव लोकतांत्रिक तरीके से करवाए हैं, जबकि भाजपा अपने अध्यक्ष को पार्टी कार्यकर्ताओं पर थोपती रही है। उन्होंने कहा कि मौजूदा राष्ट्रीय अध्यक्ष को कांग्रेस हिमाचल की जीत तोहफे में देगी। इस मौके पर कांग्रेस कमेटी मीडिया पैनलिस्ट अनिल गोयल और निशा ने कहा कि प्रदेश में सभी नेता संगठित होकर चुनाव में उतर चुके हैं। कांग्रेस सभी सीटों पर पूरी ताकत के साथ चुनाव लडऩे जा रही है। मल्लिकार्जुन खडग़े के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर ताजपोशी के ठीक बाद हिमाचल में चुनाव होने जा रहे हैं।

इन चुनाव में कांग्रेस भारी मतों से जीतने वाली है और इस जीत से ही समूचे राष्ट्र में कांग्रेस के लिए बदला की रूपरेखा तैयार होगी। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा पर निकले राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खडग़े को कांग्रेस के डेलीगेट का समर्थन यह साफ कर रहा है कि पार्टी पदाधिकारी एकजुटता के साथ आगामी चुनाव में भाजपा को जवाब देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी का कार्यकाल कांग्रेस के लिए स्वर्णिम रहा है। इसे किसी भी कीमत पर भुलाया नहीं जा सकता है। उनके कार्यकाल के दौरान पार्टी मजबूत हुई और लगातार दस साल तक केंद्र में सत्तासीन रही है।