तीन हलकों को विधायक देगा बैजनाथ!

किशोरी लाल; मुलखराज प्रेमी, त्रिलोक कपूर, सुधीर शर्मा ने अलग-अलग क्षेत्रों में लड़ा है चुनाव

चमन डोहरू — बैजनाथ

अगर परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो इस बार के विधानसभा चुनावों के परिणाम घोषित होने पर बैजनाथ अलग इतिहास रचने जा रहा है। यदि चुनाव परिणाम में नतीजे उम्मीद के मुताबिक आते हैं, तो बैजनाथ के तीन नेता अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रो का प्रतिनिधित्व करेंगे। अगर आठ दिसंबर को मतगणना के उपरांत बैजनाथ से कांग्रेस के किशोरी लाल या भाजपा के मुलखराज प्रेमी, पालमपुर में त्रिलोक कपूर, जो भाजपा के प्रत्याशी हैं व मूलत: बैजनाथ के ही निवासी हैं, धर्मशाला से सुधीर शर्मा, जो कांग्रेस के प्रत्याशी हैं, चुनाव जीत जाते हैं, तो बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के लिए एक इतिहास बन जाएगा। इस क्षेत्र से संबंध रखने वाले एक नहीं, बल्कि तीन तीन विधायक प्रदेश सरकार में जनता का अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से प्रतिनिधत्व करेंगे। बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र से राज्यसभा सांसद व तीन विधायक बन जाने के बाद बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र एक मिसाल बन जाएगा।

वैसे भी बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र नेताओं की नर्सरी के रूप में जाना जाता है, जिसका मुख्य कारण है कि इस क्षेत्र के कई नेताओं ने अपनी अलग छाप छोड़ी है। अगर बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र आरक्षित न हुआ होता, तो शायद इंदु गोस्वामी बैजनाथ से भाजपा प्रत्याशी होतीं। चौबीन निवासी पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा को भी बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र आरक्षित होने पर अपना चुनाव क्षेत्र बदलने पर मजबूर होना पड़ा। यही हाल पूर्व विधायक दूलोराम का हुआ, मगर विडंबना यह रही कि वर्ष 2017 में बैजनाथ से संबंध रखने वाली इंदु गोस्वामी को भाजपा ने पालमपुर से और सुधीर शर्मा को कांग्रेस आलाकमान ने धर्मशाला से चुनाव मैदान में उतारा। अगर ये दोनों ही चुनाव जीत जाते तो, वर्ष 2017 में ही एक इतिहास बैजनाथ के लिए बन जाना था, मगर इंदु गोस्वामी व सुधीर शर्मा चुनाव न जीत सके। (एचडीएम)