पंजाब में घटी आपराधिक वारदातें, पिछले साल के मुकाबले कम हुए मामले, पुलिस की मेहनत लाई रंग

चंडीगढ़,  दिसंबर (ब्यूरो)

पंजाब में अपराध संबंधी राज्य के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार पिछले साल की तुलना में इस साल कत्ल की संख्या 2021 में 723 से कम होकर 2022 में 654 रह गई है, जबकि अपहरण करने की घटनाएं 2021 में 1787 से कम होकर 2022 में 1645 रह गई हैं। इसी तरह चोरी से संबंधित केस भी 2021 में 8417 से कम होकर 2022 में 8407 रह गए हैं और आबकारी एक्ट से संबंधित केस 2021 में 10745 से कम होकर 2022 में 9104 रह गए हैं। आंकड़ों के मुताबिक राज्य में दर्ज एफआईआर की संख्या भी 2021 में 73581 से कम होकर 2022 में 71827 रह गई है। इन उपलब्धियों का जिक्र करते हुए इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (आईजी) सुखचैन सिंह गिल ने कहा कि 2022 के दौरान पंजाब पुलिस की आंतरिक सुरक्षा ने 43 राइफलें, 220 रिवॉल्वर-पिस्टल, 13 टिफिन इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडीज) 24.5 किलोग्राम आरडीएक्स अन्य विस्फोटक, 37 हैंड ग्रेनेड, डिस्पोज़्ड रॉकेट लॉन्चर की दो स्लीव्ज़ए 22 ड्रोन और 23 वाहनों समेत 119 आतंकवादियों-कट्टरपंथियों को गिरफ़्तार करके 18 आतंकवादी मॉड्यूलों का पर्दाफाश किया है।

छह अप्रैल, 2022 को गठित एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स ने अब तक 428 गैंगस्टरों-अपराधियों की गिरफ़्तारी और दो गैंगस्टरों-अपराधियों के खात्मे के साथ 111 गैंगस्टर-आपराधिक मॉड्यूलों का पर्दाफाश करने में सफलता हासिल की है और उनके कब्ज़े से 411 हथियार, आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल किए गए 97 वाहन, 44.21 किलोग्राम हेरोइन और 1.30 करोड़ रुपए की राशि बरामद की गई। सत्ता संभालने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने राज्य से गैंगस्टरों का सफाया करने के लिए एडीजीपी प्रमोद बान के नेतृत्व में एक विशेष एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स का गठन किया था। आईजीपी ने बताया कि पहली जनवरी से 20 दिसंबर, 2022 तक पंजाब में पांच बड़ी घटनाएं घटी हैं, जिनमें पुलिस चौकी कालवाए थाना नूरपुर बेदी, रोपड़ में आईईडी धमाकाय मोहाली में इंटेलिजेंस हैडक्वाटर की इमारत पर आरपीजी हमलाय पंजाबी गायक शुभदीप सिंह उर्फ सिद्धू मूसेवाला का कत्लय बरगाड़ी बेअदबी कांड के दोषी प्रदीप कुमार का कत्ल और तरनतारन के थाना सरहाली में आरपीजी हमला शामिल हैं।