जरूरत पडऩे पर होलीलॉज हर जिम्मेदारी उठाने को तैयार

विशेष संवाददाता — शिमला

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा है कि जो विधायक चुनकर आएंगे, वे यदि होलीलॉज को प्राथमिकता देते हैं, तो हाइकमान को इसकी जानकारी दी जाएगी। पूर्व में स्व. वीरभद्र सिंह प्रदेश का नेतृत्व करते रहे हैं और उनके साथ सबकी निष्ठाएं जुड़ी हुई थीं। भले ही इस विधानसभा चुनाव में वीरभद्र सिंह खुद मौजूद नहीं थे, लेकिन उनके नाम का सहारा जरूर पार्टी को मिला है। प्रदेश में कांग्रेस पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रही है, जो विधायक चुनकर आएंगे, उनकी राय ली जाएगी। जिस भी नेता को विधायक अपनी प्राथमिकता में रखेंगे, उसके बारे में राष्ट्रीय कार्यकारिणी को अवगत करवाया जाएगा। उन्होंने कहा है कि प्रदेश में कांग्रेस पर बहुत बड़ी जिम्मेदारी आ रही है और वह इस जिम्मेदारी को निभाने के लिए पूरी तरह तैयार है। प्रतिभा सिंह ने दावा किया है कि प्रदेश में लोगों ने कांग्रेस के पक्ष में भारी मतदान किया है और कांग्रेस ने जो भी वादे लोगों से किए हैं, उन्हें वह पूरा करेगी।