यशपाल की साहित्य सेवा में सर्वोपरि तपस्या

उनकी आत्मकथा ‘सिंहावलोकन’ हिंदी साहित्य में एक माना हुआ ग्रंथ है…

जाने-माने साहित्यकार व क्रांतिकारी यशपाल का हिंदी साहित्य में विशिष्ट स्थान है। बचपन की यातनाएं, भूमिगत विद्रोही भावना तथा सात वर्ष की लंबी जेल ने उसे वर्तमान सामाजिक व आर्थिक ढांचे के विरुद्ध कर दिया। वे इस ध्येय को नहीं मानते थे कि कमजोर वर्गों के लोगों का भाग्य पर बैठ जाना चाहिए। वे जीवन में काफी शौकीन थे। अपने आपको ऐसे संवारते थे जैसे कोई बहुत बड़ा अवसर हो। अपने आपको वैसे सबके बराबर समझते थे और अपने लेखों व रचनाओं द्वारा लोगों को असमानता से संघर्ष की प्रेरणा देते थे। 3 दिसंबर सन् 1903 को हमीरपुर जिले के भूंपल गांव में साधारण परिवार में यशपाल जी का जन्म हुआ। दुर्भाग्यवश उनकी छोटी आयु में ही पिता जी का साया उठ गया। माता जी जीवन निर्वाह हेतु एक अध्यापिका के रूप में सेवारत हुई। बचपन लायलपुर व लाहौर में बीता, जहां उनकी माता अध्यापिका थी। यशपाल व उनके भाई ने प्रारम्भिक शिक्षा आर्य समाज व गरुकुल कांगड़ी में प्राप्त की। माता जी की यह प्रबल इच्छा थी कि यशपाल एक दिन स्वामी दयानंद के विचारों का प्रचारक बने। यशपाल जी ने सात वर्ष तक यहां अध्ययन कर, देश भक्ति व समाज सेवा की शिक्षा प्राप्त की। सख्त अनुशासन व शारीरिक अस्वस्थता ने यशपाल जी को गुरुकुल छोडऩे पर मजबूर कर दिया। वे फिरोजपुर गए जहां उनकी माता अध्यापन में कार्यरत थी। तत्पश्चात वे दयानंद वैदिक स्कूल लाहौर में शिक्षा प्राप्त करने गए।

यहां उन्होंने उर्दू सीखी। तब उर्दू पत्रिकाओं की भरमार थी। परिवार की परिस्थितियों ने व निर्धनता की ठोकरों ने यशपाल पर एक गहरी छाप डाली। माता जी का प्रात: दो बच्चों का भोजन बनाना और सात बजे स्कूल जाना, शाम को जब स्कूल से थके-मांदे वापस आना तो बच्चों के कपड़े धोना और घरेलू सफाई करना इत्यादि से यशपाल काफी प्रभावित हुए। वे माता जी की पूरी सहायता करने के लिए गांव के कुएं से पानी लाते थे। बाजार से वस्तुएं खरीद कर लाते। यशपाल जी आर्य समाज मंदिरों में जाते। वहां वेद पढ़ते और कभी-कभी व्याख्यान देते। हरिजनों की अवस्था देखकर वे बहुत पश्चाताप करते। इसी कारण रात को उन्होंने पढ़ाने का कार्य आरम्भ किया। बाद में वे 8 रुपए प्रति मास वेतन पर अध्यापक नियुक्त हुए। माता जी ने यशपाल जी को कांग्रेस के आंदोलन से जुडऩे की अनुमति दे दी। तब महात्मा गांधी के निर्देशन से ब्रिटिश स्कूलों व न्यायालयों का बहिष्कार हुआ था। नेशनल कालेज में प्रवेश के लिए यशपाल के साथ छात्रावास में शहीद भगत सिंह के साथी सुखदेव थे। वे सभी जानते थे कि यशपाल साहित्य में रुचि रखते हैं। भगत सिंह ने भी साहित्यकार यशपाल को लेखन में सहयोग देना प्रारम्भ किया। पहले कुछ नाटक, फिर उर्दू व हिन्दी में अन्य रचनाएं लिखना प्रारम्भ किया। यशपाल की प्रथम रचना ‘एक कहानी’ गुरुकुल कांगड़ी की पत्रिका में प्रकाशित हुई। लाहौर में इनके हिन्दी के गुरू उदयशंकर भट्ट ने उनका उत्साह बढ़ाया और कुछ कहानियां हिन्दी पत्रिकाओं में विशेष करके गणेश शंकर विद्यार्थी के ‘प्रताप’ में प्रकाशित करवाई। यशपाल ने एक दिन भगत सिंह के साथ रावी नदी में एक नाव में बैठकर देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने का प्रण किया।

महात्मा गांधी जी के चोरा चोरी की घटना के परिणामस्वरूप असहयोग आंदोलन के पश्चात देश के कुछ नवयुवकों को यह अहसास हुआ कि देश की स्वतंत्रता बिना शक्ति प्रयोग नहीं मिलेगी। इन्हीं विचारों से हिन्दुस्तान सोशलिस्ट पार्टी का जन्म हुआ और सुखदेव, यशपाल, भगत सिंह ने इसकी नींव रखी। जब भगत सिंह जेल में थे तो उन्होंने यशपाल को संदेश भेजा कि वे लिखना जारी रखें और पढ़ाई-लिखाई लेख व रचनाओं से स्वतंत्रता प्राप्ति के उद्देश्य को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें। यशपाल ने भूमिगत होकर लुइस द्वारा लिखित ‘लेटिन व गांधी’ नामक पुस्तक का हिन्दी में अनुवाद किया। लाहौर षड्यंत्र मामले में चन्द्रशेखर के बलिदान के पश्चात ‘हिन्दुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन पार्टी’ के अध्यक्ष बने। यशपाल को 1931 में इलाहाबाद में हिरासत में ले लिया गया और 14 वर्ष की सजा हुई। इसी जेल में उन्होंने बंगाली, फ्रांसीसी व रूसी भाषाएं सीखी और इनमें दक्षता प्राप्त की। 1935 में लाहौर के एक अमीर परिवार की युवती कुमारी प्रकाशवती कपूर से जेल में ही उन्होंने विवाह किया। जेल विभाग ने विवाह के लिए भी यशपाल को नहीं छोड़ा और जेल में ही विवाह सम्पन्न हुआ। सभी कैदियों को मिठाईयां बांटी गई। इस घटना से ब्रिटिश सरकार उत्तेजित हो गई और उन्होंने भविष्य में जेल में विवाह न हो सके, ऐसे जेल नियम बना दिए। यशपाल ने चित्रकला के लिए कुछ सामग्री मांगी तो जेल अधिकारियों को लगा कि यशपाल जेल का नक्शा बनाएगा और बाहर भेज देगा। इस भय के कारण जेल विभाग ने सामग्री देने से इन्कार कर दिया। बाद में चित्रकारी की सामग्री दी गई। सन् 1938 में जब रियासतों में कहीं कांग्रेस सरकारें बनी तभी लाल बहादुर जी के कारण जेल से बाहर आए। कुछ समय के लिए स्वास्थ्य लाभ हेतु वे मनाली चले गए।

वहां पर उन सभी कहानियों को पूर्ण किया जो उन्होंने जेल में लिखनी आरम्भ की थी। उनकी कहानी ‘पिंजरे की उड़ान’ 1939 में हिन्दी साहित्य में चर्चित हुई, इसके पश्चात वे लखनऊ चले गए लेकिन वहां से वापिस आना पड़ा। उन्होंने पत्रिका भी निकाली जिसकी सफलता में प्रकाशवती ने विशेष योगदान किया। 72 पृष्ठों वाली पत्रिका उनकी अपनी रचनाओं से भरी होती थी। इनकी लेखन गति काफी तीव्र थी। उनकी पत्रिका ‘विप्लव’ माक्र्सवादी व आंदोलनात्मक सिद्धांतों को लेकर आगे बढ़ी जिसे शासन ने चलाने नहीं दिया। परिणामस्वरूप यशपाल को हिरासत में ले लिया गया और पत्रिका बन्द हो गई। इनकी रचनाएं, कहानियां, उपन्यासों के प्रकाशन का प्रकाशवती ने बीड़ा उठाया। उसने छापने की मशीन खरीदी और सारी रचनाएं प्रकाशित कर दी। पत्रिका को स्वतंत्रता प्राप्ति के पश्चात फिर चालू किया गया, परन्तु कुछ वर्षों के बाद फिर इसे बन्द करना पड़ा। ‘गांधी की शव परीक्षा’ भी उन्होंने लिखी। यशपाल जी सामाजिक समस्याओं, बुराइयों व समकालीन विषयों पर अपने विचार स्पष्ट रूप से सबके सम्मुख रखने में कभी हिचकिचाते नहीं थे। वे कहते थे, ‘लिखना मेरा काम व कत्र्तव्य है और मैं अवश्य लिखूंगा’। उनकी आत्मकथा सिंहावलोकन ‘हिन्दी साहित्य में एक माना हुआ ग्रंथ है।’ दो दुनिया, तर्क का तूफान, फूलों का कुरता, पक्का कदम, उत्तराधिकारी व धर्म युग भी महत्वपूर्ण संग्रह हंै। कथा, निबंधकार, उपन्यासकार के रूप में यशपाल की हिन्दी साहित्य को बहुत देन है। उनके प्रसिद्ध उपन्यास हैं दादा कामरेड व देशद्रोही। उन्हें साहित्य अकादमी पुरस्कार भी दिया गया। 26 दिसंबर, 1976 को उनका निधन हो गया और साहित्य जगत एक महत्वपूर्ण लेखक से वंचित हो गया।

डा. ओपी शर्मा

साहित्यकार