निर्वाचन कार्यों में हिमाचल सर्वश्रेष्ठ

उत्कृष्ट भूमिका निभााने पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों मिलेगा सम्मान
दिल्ली जाएंगे मुख्य चुनाव अधिकारी मनीष गर्ग, उपायुक्त पंकज राय और निपुण जिंदल

राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर सम्मानित होंगे प्रदेश के तीन आईएएस अफसर
स्टाफ रिपोर्टर — शिमला
वर्ष 2022 में प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव व अन्य निर्वाचन कार्यों में हिमाचल ने देश भर में सर्वश्रेष्ठ भूमिका निभाई है। इसके लिए हिमाचल प्रदेश को निर्वाचन आयोग की ओर से इस बार राष्ट्रीय मतदाता दिवस यानि 25 जनवरी को सर्वश्रेष्ठ राज्य का सम्मान प्रदान किया जाएगा। राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हिमाचल प्रदेश के तीन आईएएस अधिकारियों को बेहतरीन काम करने के लिए सम्मानित किया जाएगा। सम्मानित होने वाले अधिकारियों में सबसे पहला नाम मुख्य चुनाव अधिकारी हिमाचल प्रदेश मनीष गर्ग का है।

इनके अलावा बिलासपुर जिला के उपायुक्त पंकज राय और कांगड़ा जिला के उपायुक्त निपुण जिंदल को भी दिल्ली में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया जाएगा। गौरतलब है कि राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए पूरे राष्ट्र से केवल 13 अधिकारियों/ संस्थाओं का चयन हुआ है। इसमें सर्वश्रेष्ठ राज्य की श्रेणी के लिए केवल हिमाचल प्रदेश ही शामिल है। वहीं सामान्य श्रेणी के लिए सात अधिकारी सम्मिलित हैं। उक्त पुरस्कार 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर राष्ट्र की राजधानी दिल्ली में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा आयोजित एक भव्य समारोह में भारत की राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किए जाएंगे। हिमाचल प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग को विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 के सुव्यवस्थित मतदाता जागरूकता एवं निर्वाचन सहभागिता संबंधित उत्कृष्ट योजना तथा क्रियान्वयन के लिए पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इस वर्ष सर्वश्रेष्ठ राज्य को दिया जाने वाला यह एकमात्र पुरस्कार है। यह पुरस्कार राज्य स्तर पर की गई विभिन्न पहलों, जैसे की उत्सव, मिशन-277 वृद्धजन दिवस ऑनलाइन निर्वाचन क्विज, ग्राम सभाएं, चैटवोट, वॉटर साथी मतदाता शपथ, इत्यादि के लिए प्रदान किया गया है, जिसके फलस्वरूप विधान सभा सामान्य निर्वाचन 2022 में राज्य की मतदाता भागीदारी में अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज हुई है।