कर्नाटक में गरजे सीएम भगवंत मान, प्रचार को पहुंचे हुबली,कांग्रेस-बीजेपी पर जमकर साधा निशाना

आप उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार को पहुंचे हुबली, कांग्रेस-बीजेपी पर जमकर साधा निशाना

मुकेश संगर — चंडीगढ़

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कंग्रेस और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कर्नाटक की जनता अब बदलाव चाहती है। उन्होंने लोगों से ‘आप को एक मौका देने’ की अपील की और कहा कि आम आदमी पार्टी जनता से किए गए हर वादे को पूरा करती है। दिल्ली और पंजाब इसके उदाहरण हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान मंगलवार को कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के चलते हुबली में पार्टी उम्मीदवार के पक्ष में रोड शो कर रहे थे। कांग्रेस और बीजेपी पर हमला बोलते हुए मान ने कहा कि दोनों पार्टियों ने 75 साल तक देश को केवल लूटा है। लोग दोनों पार्टियों से तंग आ चुके हैं और अब बदलाव चाहते हैं। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि कांग्रेस अब ‘चेंज’ की नहीं ‘एक्सचेंज’ की प्रतीक है। उसके नेता भाजपा में शामिल होने के लिए तैयार बैठे रहते हैं, क्योंकि की वे जानते हैं कांग्रेस का जहाज डूब रहा है। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस को अब अपने कार्यालय के बाहर लिख देना चाहिए कि यहां जनता द्वारा चुने गए विधायक बिकते हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्र में भाजपा की नरेंद्र मोदी सरकार की आलोचना की और कहा कि भाजपा ने देश के विकास के लिए कुछ नहीं किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री वादा नही जुमला सुनाते हैं। मोदी ने सत्ता में आने से पहले देशवासियों को 15 लाख देने का वादा किया थाएलेकिन इसके उल्ट सरकार बनने के बाद भाजपा ने नोटबंदी कर लोगों को पाई.पाई का मोहताज बना दिया। पंजाब और कर्नाटक की समस्याएं एक जैसी हैं। यहां भी युवाओं को रोजगार चाहिए, भ्रष्टाचार से मुक्ति चाहिए। लोगों को अच्छे स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, बिजनेस करने के लिए अच्छा माहौल चाहिए। अच्छी सडक़ें, अच्छा इन्फ्रास्ट्रक्चर चाहिए। यह सब उन्हें आम आदमी पार्टी ही दे सकती है। (एचडीएम)